पत्रकार आवासीय योजना: अब तक मिले केवल 3 आवेदन, तारीख 1 दिसंबर तक बढ़ाई, 4 योजनाओं में उपलब्ध हैं 365 बहुमंजिला आवास
77 आवासों के लिए आवेदन जारी
जयपुर। राजस्थान आवासन मंडल की आवासीय योजनाओं में अपेक्षित आवेदन नहीं मिलने के कारण मंडल प्रशासन ने आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब इच्छुक आवेदक 16 नवंबर के स्थान पर 1 दिसंबर तक इन योजनाओं में आवेदन कर सकेंगे। मंडल ने आमजन को आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जयपुर, किशनगढ़ और भिवाड़ी में विभिन्न आय वर्गों के लिए आवास उपलब्ध कराए हैं।
इनमें जयपुर के प्रताप नगर स्थित ग्रीनवुड होराइजन में उच्च आय वर्ग (एचआईजी) के 146 बहुमंजिला आवास शामिल हैं। किशनगढ़ के खोड़ा गणेश आवासीय योजना में एचआईजी के 24 और मध्यम आय वर्ग (एमआईजी) के 66 आवास उपलब्ध हैं। वहीं, भिवाड़ी में एचआईजी के 13 और एमआईजी के 64 आवासों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
इसके अलावा जयपुर के जगतपुरा स्थित पत्रकार आवासीय योजना में एमआईजी श्रेणी के 72 बहुमंजिला आवास उपलब्ध हैं। इस योजना को लेकर आवेदकों की बेरुखी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि अब तक केवल तीन आवेदन ही प्राप्त हुए हैं। अन्य आवासीय योजनाओं में भी अपेक्षित संख्या में आवेदन नहीं मिलने के कारण मंडल प्रशासन ने आवेदन की अवधि बढ़ाने का निर्णय किया है। मंडल प्रशासन को उम्मीद है कि आवेदन की अवधि बढ़ने से अधिक लोग योजनाओं से जुड़ेंगे और उपलब्ध आवासों के लिए आवेदन करेंगे।

Comment List