64 विला खरीद मामले में IAS शिखर अग्रवाल पहुंचे सुप्रीम कोर्ट, ACB कार्रवाई पर रोक की गुहार
सरकार ने पहले ही कैविएट दाखिल कर सुरक्षित किया अपना पक्ष
जयपुर। एक कंपनी से खुद और परिजनों के नाम 64 विला-कॉटेज खरीदने के मामले में एपीओ चल रहे आईएएस शिखर अग्रवाल ने अब सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। अग्रवाल ने याचिका दायर कर एसीबी की जांच, गिरफ्तारी और किसी भी तरह की कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की है। हाईकोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में गुहार लगाई है। हालांकि, उनकी याचिका पर सुनवाई की तारीख अभी तय नहीं हुई है। इसी सप्ताह सुनवाई होने की संभावना है।
खास बात यह है कि राज्य सरकार अग्रवाल की याचिका से पहले ही सुप्रीम कोर्ट में कैविएट दाखिल कर चुकी है। ऐसे में शीर्ष अदालत इस मामले में कोई आदेश देने से पहले राज्य सरकार का पक्ष भी सुनेगी। अग्रवाल ने अपनी याचिका में खुद को गलत तरीके से फंसाए जाने का तर्क दिया है। हाईकोर्ट में दिए गए तर्कों को ही सुप्रीम कोर्ट में भी आधार बनाया गया है।
हाईकोर्ट से नहीं मिली राहत, 18 दिसंबर को अगली सुनवाई
शिखर अग्रवाल ने 17 नवंबर को एसीबी जांच के खिलाफ राजस्थान हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। 19 नवंबर को सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने उन्हें अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया था। अदालत ने राज्य सरकार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा और अगली सुनवाई के लिए 18 दिसंबर की तारीख तय की थी। इसके बाद अग्रवाल ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है।
एसीबी की एफआईआर में 64 विला खरीद का खुलासा
इस पूरे मामले का खुलासा 27 अक्टूबर को हुआ था। शुरुआत में सामने आया था कि शिखर अग्रवाल, उनकी आईपीएस पत्नी प्रशाखा माथुर, दोनों बेटों और सास-ससुर के नाम पर ढाई साल में एक ही कंपनी से 40 विला-कॉटेज खरीदे गए। इसके बाद एसीबी ने 31 अक्टूबर को 40 विला खरीद मामले में प्रारंभिक जांच (पीई) दर्ज की थी।
जांच के दौरान सामने आया कि जयपुर के अनंता रिसॉर्ट में दोनों बेटों के नाम 15 अक्टूबर को 24 विला खरीदे गए। इनकी कीमत 11-11 लाख रुपए बताई गई, जबकि कंपनी के ब्रोशर में प्रत्येक विला की कीमत 59 लाख रुपए दर्शाई गई थी। इस खुलासे के बाद अग्रवाल और उनके परिजनों के नाम खरीदे गए विला-कॉटेज की संख्या 40 से बढ़कर 64 हो गई।
18 नवंबर को एसीबी ने दर्ज की एफआईआर
एसीबी ने 18 नवंबर को आईएएस शिखर अग्रवाल और गोयल फैशंस प्राइवेट लिमिटेड (अनंता रिसॉर्ट्स) के मालिकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। इसमें कंपनी के निदेशक मुकुंद शरण गोयल, प्रबंध निदेशक संजय गोयल और अन्य को भी आरोपी बनाया गया है।
विदेश से लौटने के बाद शिखर अग्रवाल ने 16 नवंबर को एसीबी के समक्ष अपना पक्ष रखते हुए प्रतिवेदन पेश किया था। इसमें उन्होंने खुद, पत्नी और अन्य परिजनों की संपत्तियों का ब्योरा दिया था। इसमें दोनों बेटों के नाम 15 अक्टूबर को खरीदे गए 24 विला का विवरण भी शामिल था।

Comment List