पहले नौकरी का ऑफर, फिर फीस पर फीस की डिमांड; QR कोड भेजकर युवती के खाते से उड़ाए लाखों रूपए
अलग-अलग क्यूआर कोड भेजकर ऐंठे पैसे
भिण्ड। मध्यप्रदेश के भिण्ड में घर बैठे नौकरी दिलाने और हर महीने 30 हजार रुपए वेतन देने का झांसा देकर 19 वर्षीय युवती से 38 हजार 75 रुपए की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठग ने रजिस्ट्रेशन, सामान की डिलीवरी और अन्य शुल्क के नाम पर अलग-अलग क्यूआर कोड भेजकर युवती से कई बार भुगतान कराया। पुलिस के अनुसार भिण्ड देहात थाने के पीछे कटारे वाली गली, वार्ड क्रमांक 24 निवासी जिया कुमारी ने पुलिस को शिकायत में बताया कि पांच अक्टूबर को उसके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से वॉट्सऐप कॉल आया था। कॉल करने वाले ने अपना नाम मनीष शर्मा और कोलकाता का निवासी बताते हुए उसे घर बैठे काम करने का प्रस्ताव दिया। कंपनी में रजिस्ट्रेशन के नाम पर 500 रुपए मांगे गए। पढ़ाई के साथ कमाई की उम्मीद में युवती ने बताए गए क्यूआर कोड पर राशि भेज दी।
इसके बाद ठग ने किताबें और दस्तावेज भेजकर घर से काम कराने तथा हर महीने 30 हजार रुपए वेतन देने का भरोसा दिलाया। सामान की डिलीवरी के नाम पर दो हजार रुपए अग्रिम मांगे गए। इसके बाद अलग-अलग शुल्क बताकर नए क्यूआर कोड भेजे गए और युवती से लगातार भुगतान कराया गया। इस तरह कुल 38 हजार 75 रुपए ठग लिए गए। बार-बार भुगतान करने के बावजूद काम शुरू नहीं होने पर युवती को ठगी का संदेह हुआ। उसने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।

Comment List