यूपी चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर पहली बैठक, तीन दिनों में होगा फैसला
मगोपाल यादव, राजेंद्र पाल गौतम और इमरान मसूद समेत कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीटों के तालमेल को लेकर पहली बैठक सोमवार को कांग्रेस के राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर संपन्न हुई। बैठक में दोनों दलों के वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया। करीब आधे घंटे से भी कम समय तक चली इस बैठक में फिलहाल सीटों के बंटवारे को लेकर और चुनावी समीकरणों का आदान-प्रदान किया गया।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक आज की बैठक में सीटों के बंटवारे पर कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है। हालांकि, सपा की ओर से दावा किया गया है कि अगले दो से तीन दिनों के अंदर सीटों के मामले को लेकर फैसला कर लिया जाएगा। दोनों दलों के बीच अगली बैठक मंगलवार को प्रस्तावित है।
बैठक के बाद सपा के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद रामगोपाल यादव ने कहा कि बातचीत बेहद सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे का पक्ष सुना है और जल्द ही गठबंधन को अंतिम रूप देकर इसकी जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि अगले दो से तीन दिनों में पूरी प्रक्रिया संपन्न कर ली जाएगी और अगली बैठक मंगलवार को होगी। वहीं, कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि दोनों दलों के बीच सहमति है और एक-दूसरे पर भरोसा कायम है। दोनों पार्टियां मिलकर आगे की रणनीति तय करेंगी। उन्होंने कहा कि गठबंधन लगभग तय है और सम्मानजनक तरीके से समझौते को अंतिम रूप दिया जाएगा। सीटों के ब्योरे पर आपसी सहमति बनने के बाद इसकी आधिकारिक जानकारी दी जाएगी।
गौरतलब है कि बैठक में सपा की ओर से श्री रामगोपाल यादव, इकरा चौधरी, राजीव राय और श्यामलाल पाल शामिल हुए। वहीं, कांग्रेस की ओर से प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष अराधना मिश्रा (मोना), सांसद इमरान मसूद और वीरेंद्र चौधरी मौजूद रहे। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर यह पहली औपचारिक बैठक अहम मानी जा रही है। अब सभी की निगाहें कल होने वाली अगली बैठक और अगले दो-तीन दिनों में सामने आने वाले सीट शेयरिंग के फॉर्मूले पर टिकी हैं।

Comment List