विदेश में 51 चैप्टर्स के जरिए प्रवासी राजस्थानियों से जुड़ रहा राजस्थान, 10 दिसंबर को होगा प्रवासी राजस्थानी दिवस
25 घरेलू और 26 अंतरराष्ट्रीय चैप्टर्स शामिल
जयपुर। राजस्थान सरकार प्रवासी राजस्थानियों को प्रदेश के विकास से जोड़ने और उनके साथ संवाद मजबूत करने की दिशा में प्रयास तेज कर रही है। देश-विदेश में राजस्थान फाउंडेशन के 51 चैप्टर्स के माध्यम से प्रवासी राजस्थानियों से संपर्क और समन्वय स्थापित किया जा रहा है। इनमें 25 घरेलू और 26 अंतरराष्ट्रीय चैप्टर्स शामिल हैं। वहीं, प्रदेश के सभी 41 जिलों में जिला प्रवासी प्रकोष्ठों का गठन भी किया जा चुका है। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने सोमवार को शासन सचिवालय में राजस्थान फाउंडेशन की 14वीं कार्यकारी समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए आगामी 10 दिसंबर को आयोजित होने वाले प्रवासी राजस्थानी दिवस की तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के सत्र रोचक, संवादपरक और ज्ञानवर्धक होने चाहिए, ताकि प्रवासी राजस्थानियों को प्रदेश से जुड़ने का सार्थक अवसर मिले। बैठक में फाउंडेशन की गतिविधियों, संगठनात्मक ढांचे और भविष्य की योजनाओं की समीक्षा की गई। आयुक्त डॉ. मनीषा अरोड़ा ने बताया कि चैप्टर्स प्रवासी राजस्थानियों के लिए सपोर्ट सेंटर के रूप में काम कर रहे हैं। बैठक में चैप्टर्स के मॉडल संविधान, फाउंडेशन के सेवा नियमों और गाइडलाइंस में संशोधन पर भी चर्चा हुई।

Comment List