प्रवासी राजस्थानियों को प्रदेश की विकास यात्रा से जोड़ने पर रहेगा फोकस, सीएम ने तैयारियों की समीक्षा की
विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रवासी राजस्थानी दिवस के आयोजन की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि प्रवासी राजस्थानी दिवस केवल एक समारोह नहीं, बल्कि देश-विदेश में रह रहे राजस्थानियों को अपनी जन्मभूमि से जोड़ने और प्रदेश के विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। प्रवासी राजस्थानियों ने अपनी कर्मभूमि में रहते हुए विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उनके अनुभव, ज्ञान, कौशल और निवेश क्षमता का लाभ राजस्थान को मिल सकता है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन को भव्य, सुव्यवस्थित और प्रभावी बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी की जाएं। उन्होंने विभिन्न विभागों को आपसी सहयोग और बेहतर समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने को कहा। साथ ही आयोजन से जुड़े कार्यक्रमों की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और समन्वय पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रवासी राजस्थानियों की सहभागिता से प्रदेश में निवेश, रोजगार, उद्योग और विकास के नए अवसर सृजित हो सकते हैं। राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रवासी राजस्थानियों को राजस्थान की विकास यात्रा का सक्रिय भागीदार बनाया जाए।

Comment List