प्रदेश में यूरिया और डीएपी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश, मुख्य सचिव ने खाद आपूर्ति व्यवस्था मजबूत करने पर दिया जोर
औद्योगिक डायवर्जन रोकने और पारदर्शी वितरण के लिए होगी सख्ती
जयपुर। प्रदेश में किसानों को रबी फसलों के लिए समय पर यूरिया और डीएपी उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार ने उर्वरक आपूर्ति व्यवस्था को और मजबूत करने की कवायद शुरू की है। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रदेश में अनुदानित उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ उनके वितरण की प्रभावी निगरानी की जाए। मुख्य सचिव ने अनुदानित उर्वरकों के औद्योगिक उपयोग में डायवर्जन पर प्रभावी अंकुश लगाने और एफएफएस पोर्टल के माध्यम से पारदर्शी वितरण व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उर्वरक वितरण में किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाए और किसानों को उनकी जरूरत के अनुसार समय पर खाद मिले।
उन्होंने उर्वरक कंपनियों की आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि लक्ष्य के अनुरूप खाद की आपूर्ति नहीं करने वाली कंपनियों का आवंटन अन्य सक्षम कंपनियों को अंतरित किया जाए, ताकि आपूर्ति प्रभावित न हो। मुख्य सचिव ने किसानों को नैनो यूरिया, एसएसपी और एनपीके जैसे वैकल्पिक उर्वरकों के उपयोग के प्रति जागरूक करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वैकल्पिक उर्वरकों को बढ़ावा देने से पारंपरिक खाद पर निर्भरता कम करने और संतुलित उर्वरक उपयोग को प्रोत्साहन मिलेगा।

Comment List