संसद का सत्र कब से? सांसद ने उपराष्ट्रपति को लिखा पत्र
तारीखों के ऐलान में देरी पर उठे सवाल
नई दिल्ली। संसद के आगामी शीतकालीन सत्र की तारीखों को लेकर बनी अनिश्चितता और तारीख की स्पष्ट सूचना नहीं दिए जाने पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) राज्यसभा सांसद और सदन में पार्टी के नेता संदोष कुमार पी. ने उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने लिखे पत्र में कहा कि संसद का मानसून सत्र 13 अगस्त 2026 को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया था, लेकिन न तो लोकसभा और न ही राज्यसभा का सत्रावसान किया गया। इसके बावजूद अब तक शीतकालीन सत्र की तारीखों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
उन्होंने कहा कि आमतौर पर नवंबर-दिसंबर में होने वाले शीतकालीन सत्र के कार्यक्रम में देरी से सांसदों को संसदीय कार्यों, निर्वाचन क्षेत्रों के कार्यक्रमों और यात्रा की योजना बनाने में परेशानी हो रही है। कुमार ने आरोप लगाया कि सरकार की ओर से पारदर्शिता और जनप्रतिनिधियों से परामर्श की कमी संसदीय लोकतंत्र के लिए चिंताजनक है। उन्होंने सभापति से सरकार को तत्काल सत्र की तारीखें घोषित करने और सांसदों को पर्याप्त पूर्व सूचना देने का निर्देश देने की अपील की।

Comment List