बजट घोषणाओं के बावजूद सड़क-पुल परियोजनाओं की रफ्तार सुस्त, कई काम अब भी DPR और मंजूरी में अटके
तीन वित्तीय वर्षों की 16 प्रमुख घोषणाओं पर काम की धीमी प्रगति
जयपुर। प्रदेश में सड़क और पुल परियोजनाओं को लेकर बजट में बड़ी घोषणाएं तो हुईं, लेकिन इनके धरातल पर उतरने की रफ्तार संतोषजनक नहीं है। राजस्थान राज्य सड़क विकास एवं निर्माण निगम (RSRDC) की वर्ष 2024-25, 2025-26 और 2026-27 की 16 प्रमुख बजट घोषणाओं की स्थिति बताती है कि कई परियोजनाएं अब भी डीपीआर, वित्तीय स्वीकृति और निविदा प्रक्रिया में उलझी हुई हैं। वर्ष 2024-25 की छह घोषणाओं में तीन की डीपीआर वित्तीय स्वीकृति के लिए प्रस्तुत हुई है, एक का एलओए जारी हुआ है, जबकि दो कार्य प्रगतिरत हैं। वर्ष 2025-26 की पांच घोषणाओं में दो की डीपीआर स्वीकृति के लिए भेजी गई और तीन परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं। इनमें जयपुर-भीलवाड़ा रोड पर मुहाना मोड़ फ्लाईओवर भी शामिल है, जिसके सितंबर 2027 तक पूरा होने की संभावना है।
वहीं, 2026-27 की पांच घोषणाओं में दो डीपीआर स्तर पर, एक निविदा स्वीकृति प्रक्रिया में और एक कार्य प्रगतिरत है। दूसरी ओर, 11 BOT राजमार्गों के 500 किलोमीटर सुदृढ़ीकरण के लिए 435 करोड़ रुपए का प्रावधान होने के बावजूद नौ निविदाएं स्वीकृति प्रक्रिया में हैं। ऐसे में बजट घोषणाओं और वास्तविक निर्माण कार्यों के बीच की दूरी साफ नजर आ रही है।

Comment List