सफाई व्यवस्था पर महापौर की नजर, गंदगी फैलाने वाले दुकानदारों पर 9 हजार का चालान
विभिन्न क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया
जयपुर। शहर की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए महापौर सुनील कोठारी बुधवार सुबह खुद फील्ड में उतरे। उन्होंने सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक सिविल लाइन और विद्याधर नगर जोन के विभिन्न क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान महापौर ने व्यापारियों और दुकानदारों से अपनी दुकानों के बाहर दो डस्टबिन रखने, नियमित साफ-सफाई करने तथा कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने और शहर को स्वच्छ बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करने का आग्रह किया। सिविल लाइन जोन के वार्ड 98 स्थित पृथ्वीराज रोड पर निरीक्षण के दौरान गंदगी फैलाने वाले दुकानदारों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।
नियमों की अनदेखी करने वाले दुकानदारों पर कुल 9 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया। इस दौरान मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक योगेश बेनीवाल ने दुकानदारों को अपनी-अपनी दुकान के बाहर दो डस्टबिन रखने और कचरे का निर्धारित तरीके से निस्तारण करने की समझाइश दी। महापौर ने स्पष्ट किया कि शहर की स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि इसमें आमजन और व्यापारियों की भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को सफाई व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग करने और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए।

Comment List