मुंबई: प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट ने मुंबई के स्कूली बच्चों के साथ खेला गली क्रिकेट, सचिन तेंदुलकर भी हुए शामिल
अर्थशॉट पुरस्कार 2026 पर केंद्रित है तीन दिवसीय भारत यात्रा
मुंबई। ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और प्रिंसेस कैथरीन ने औपचारिक कार्यक्रमों से हटकर सोमवार को मुंबई के बालार्ड एस्टेट में स्थानीय स्कूली बच्चों के साथ गली क्रिकेट खेला बल्ला थामकर बच्चों के साथ मैदान में उतरे प्रिंस और प्रिंसेस ऑफ वेल्स ने मुंबई दौरे में भारतीय रंग भर दिया। उन्होंने शहर की सबसे लोकप्रिय खेल परंपराओं में से एक गली क्रिकेट में हिस्सा लिया। इस दौरान प्रिंस विलियम ने बल्लेबाजी की और स्कूली बच्चों ने उन्हें गेंदबाजी की। बच्चों ने ही क्षेत्ररक्षण की जिम्मेदारी भी संभाली। प्रिंसेस कैथरीन ने भी खेल में हिस्सा लिया और बल्लेबाजी में हाथ आजमाया, जिस पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया।
इस मौके पर पूर्व कप्तान सचिन तेंदुलकर भी गेंदबाज के पास क्षेत्ररक्षण करते नजर आये। शाही जोड़े के साथ उनकी मौजूदगी ने इस खेल आयोजन को और खास बना दिया। इससे वहां मौजूद बच्चों और क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला। शाही मेहमानों और क्रिकेट के इस दिग्गज खिलाड़ी की एक झलक पाने के लिए आयोजन स्थल पर सैकड़ों दर्शक जुटे। इस दौरान पृष्ठभूमि में बॉलीवुड का लोकप्रिय गीत 'जय हो' बजता रहा, जिससे माहौल उत्सव जैसा हो गया। शाही जोड़े के गली क्रिकेट खेलने के वीडियो ने भी सामाजिक माध्यमों पर लोगों का ध्यान खींचा।
इस मुलाकात के माध्यम से प्रिंस विलियम और प्रिंसेस कैथरीन को मुंबई की लोकप्रिय गली क्रिकेट संस्कृति को करीब से देखने का मौका मिला। इस खेल में बच्चे मोहल्लों की गलियों और खुले स्थानों पर अस्थायी पिच बनाकर तथा सीमित खेल सामग्री के साथ क्रिकेट खेलते हैं। स्कूली बच्चों के लिए यह अवसर ब्रिटिश शाही परिवार के सदस्यों और भारत के सबसे चर्चित क्रिकेट खिलाड़ियों में शामिल सचिन तेंदुलकर के साथ मैदान साझा करने का यादगार मौका रहा।
शाही जोड़ा 16 नवंबर को भारत की अपनी पहली आधिकारिक यात्रा के लिए मुंबई पहुंचा। एक दशक बाद हो रही उनकी यह तीन दिवसीय यात्रा वर्ष 2026 के अर्थशॉट पुरस्कार पर केंद्रित है। प्रिंस विलियम से जुड़ी इस पहल के तहत पर्यावरण से जुड़ी वैश्विक चुनौतियों के समाधान के लिए नए और प्रभावी उपायों को सम्मानित किया जाता है। मुंबई में अपने कार्यक्रम पूरे करने के बाद प्रिंस विलियम और प्रिंसेस कैथरीन के नयी दिल्ली जाने का कार्यक्रम है, जहां उनकी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात होने की संभावना है। इस यात्रा के दौरान पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी पहल, सामुदायिक भागीदारी और वैश्विक चुनौतियों से निपटने के प्रयासों को प्रमुखता दिए जाने की उम्मीद है। बालार्ड एस्टेट में गली क्रिकेट का यह आयोजन शाही जोड़े के मुंबई कार्यक्रम का एक प्रमुख सार्वजनिक संवाद बनकर उभरा, जिसमें खेल, सामुदायिक भागीदारी और भारत की लोकप्रिय क्रिकेट संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला।

Comment List