सीबीएसई स्कूलों में 60 दिन तक चलेगा तंबाकू मुक्त युवा अभियान, विद्यार्थियों को दिलाई जाएगी शपथ
वेबसाइट, मोबाइल एप, नोटिस बोर्ड और स्कूल बसों पर प्रसारित होंगे जागरूकता संदेश
अजमेर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने संबद्ध स्कूलों में तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 संचालित करने के निर्देश दिए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत शुरू किया गया यह अभियान 28 अक्टूबर से 60 दिन तक चलेगा। इसके तहत विद्यार्थियों को तंबाकू और ई-सिगरेट के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा। सीबीएसई के अनुसार स्कूलों में विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को तंबाकू सेवन नहीं करने की शपथ दिलाई जाएगी। साथ ही स्कूलों की वेबसाइट, मोबाइल एप, डिजिटल प्लेटफॉर्म, नोटिस बोर्ड और स्कूल परिवहन सुविधाओं के माध्यम से तंबाकू विरोधी संदेश प्रसारित किए जाएंगे।
बोर्ड ने स्कूलों को जागरूकता संबंधी पोस्टर और अन्य शैक्षणिक सामग्री प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए हैं। अभियान के दौरान आयोजित गतिविधियों की जानकारी फोटो और वीडियो सहित निर्धारित ऑनलाइन लिंक पर अपलोड करनी होगी।

Comment List