‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ का लोकार्पण' मेरी किताब परिवार के बारे में फैलाई जा रही भ्रांतियों का जवाब: सोनिया
अपनी जिंदगी के अनछुए पहलुओं पर खुलकर बात की
नई दिल्ली। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा है कि उनके परिवार के बारे में बहुत कुछ कहा गया है जिनमें से ज्यादातर बातें वास्तविकता से परे हैं और जो असलियत से बिल्कुल मेल नहीं खाती इसलिए उन्होंने पुस्तक में सच्चाई बयां की है। सोनिया गांधी ने सोमवार को यहां एक पंचसितारा होटल में अपनी पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ के लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि उनके मित्र लंबे समय से उन्हें अपनी जीवन यात्रा के बारे में लिखने के लिए प्रेरित कर रहे थे लेकिन वह अपनी निजी भावनाओं और लोगों के बारे में अपने विचार सार्वजनिक करने को लेकर हमेशा हिचकती रही हैं लेकिन जब उनके पुत्र राहुल और पुत्री प्रियंका तथा करीबी मित्र मंजुलिका दुबे का आग्रह बढ़ा तो उन्होंने पुस्तक लिखने का फैसला किया।
किताब पढ़ने के बाद लोग हकीकत जानेंगे: सोनिया गांधी ने लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान कहा कि उनके परिवार के बारे में तरह-तरह की कहानियां गढ़ी जाती हैं, असत्य बातें फैलाई जाती हैं और ऐसी तकलीफदेह बातें कही जाती हैं जिनका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुस्तक पढ़ने के बाद लोग उनकी बात सुनने और उनके परिवार की वास्तविकता को समझने के लिए तैयार होंगे।
राजीव गांधी की मौत के प्रसंगों को लिखना कठिन रहा
सोनिया ने पुस्तक में अपने पारिवारिक जीवन, पति राजीव गांधी, सास इंदिरा गांधी और अपने बच्चों से जुड़ी यादों के साथ अपने राजनीतिक जीवन के अनुभवों को भी साझा किया और बताया कि इंदिरा गांधी की हत्या और राजीव गांधी की हत्या से जुड़े प्रसंगों को पुस्तक में लिखना उनके लिए बेहद कठिन था।
नया परिवार और नई संस्कृति खास रही
पुस्तक के शीर्षक ‘बिलॉन्गिंग’ के बारे में उन्होंने कहा कि अपनापन और स्वीकार्यता का भाव पुस्तक में बार-बार सामने आता है। नए परिवार और नई संस्कृति में आने के बाद स्वीकार किए जाने तथा उसका हिस्सा बनने की कोशिश अपने जीवन का महत्वपूर्ण अनुभव बताते हुए उन्होंने कहा कि भारत में शादी के बाद दूसरे घर में जाने वाली अनेक महिलाओं को भी नए परिवार और उसकी परंपराओं के अनुरूप खुद को ढालने तथा वहां अपनापन और स्वीकार्यता हासिल करने की चुनौती का सामना करना
पड़ता है।
इंदिरा गांधी से डरती थी
उन्होंने इंदिरा गांधी के साथ शुरुआती संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि वह उनसे बहुत डरती थीं और समझ नहीं पाती थीं कि उनसे कैसे बात करें। धीरे-धीरे परिचय बढ़ने पर यह झिझक दूर हुई। इंदिरा गांधी का व्यक्तित्व प्रभावशाली था और कभी-कभी उनके गुस्सा होने पर उन्हें अपने पिता की याद आती थी, जिससे वह सहम जाती थीं। हालांकि राहुल और प्रियंका के जन्म के बाद इंदिरा गांधी पहले से अधिक नरम हो गई थीं।

Comment List