"कलयुगी बेटा बना हैवान" 76 साल के पिता पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, जलता छोड़कर हुआ फरार
बहन को साथ रखने से नाराज था आरोपी
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पारिवारिक एवं संपत्ति संबंधी विवाद के कारण बेटे ने पिता पर लोहे के हथियार से हमला करने और पेट्रोल डालकर आग लगाने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम सेलर की है। हमले में बुरी तरह झुलसे बुजुर्ग को गंभीर हालत में छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) में भर्ती कराया गया है, जबकि वारदात के बाद से आरोपी बेटा फरार है।
गुरुवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सेलर निवासी विश्राम केंवट (76) अधिक उम्र होने के कारण खेती-किसानी और दैनिक कार्य करने में असमर्थ हैं। उनकी देखभाल और कृषि कार्यों में सहयोग के लिए उनकी बेटी दुरपति बाई अपने परिवार के साथ उनके घर में रह रही है। वहीं, विश्राम का बेटा आशाराम केंवट समीपवर्ती ग्राम बरेली में निवास करता है। बताया गया है कि पिता द्वारा बेटी और उसके परिवार को अपने साथ रखने तथा संपत्ति के बंटवारे को लेकर आशाराम लंबे समय से नाराज था।
बुधवार को आशाराम ग्राम सेलर स्थित अपने पिता के घर पहुंचा। इस दौरान बेटी को घर में रखने और संपत्ति के बंटवारे को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आशाराम ने कथित तौर पर लोहे के हथियार से पिता पर हमला कर दिया। इसके बाद अपने साथ लाया पेट्रोल उन पर डालकर आग लगा दी। आग लगते ही विश्राम केंवट गंभीर रूप से झुलस गए। आरोप है कि घटना को अंजाम देने के बाद आशाराम अपने पिता को जलती अवस्था में छोड़कर मौके से फरार हो गया।
इसी बीच पिता को आग की लपटों में घिरा देखकर उनकी बेटी दुरपति बाई ने शोर मचाया और आसपास के लोगों से सहायता मांगी। आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह आग बुझाई। इसके बाद एंबुलेंस की सहायता से गंभीर रूप से घायल विश्राम केंवट को अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना में बुजुर्ग के शरीर का काफी हिस्सा झुलस गया है। उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल सिम्स में चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। प्रारंभिक जानकारी में घटना के पीछे बेटी को पिता के घर में रखने और संपत्ति के बंटवारे को लेकर पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। हालांकि, हमले के वास्तविक कारणों और घटनाक्रम की विस्तृत जांच पुलिस कर रही है। सीपत थाना पुलिस मामले की जांच के साथ फरार आरोपी आशाराम केंवट की तलाश में जुटी हुई है।

Comment List