उत्साह से मनाया दिवाली स्नेह मिलन एवं अन्नकूट महोत्सव ग्रहण की प्रसादी, भगवान की आरती के बाद अन्नकूट का लगाया भोग
1600 से अधिक क्षेत्रवासियों ने लिया भगवान की आरती और पंगत प्रसादी में हिस्सा
जयपुर। मानसरोवर के सेक्टर 119 में दिवाली स्नेह मिलन एवं अन्नकूट महोत्सव हर्षोल्लास और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। सेक्टर 119 विकास समिति की ओर से सोमेश्वर पार्क स्थित मंदिर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के 1600 से अधिक लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान की आरती के साथ हुई। इसके बाद भगवान को अन्नकूट प्रसाद का भोग अर्पित किया गया और श्रद्धालुओं के लिए पंगत प्रसादी का आयोजन हुआ। देर रात तक चले इस आयोजन में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
समिति अध्यक्ष पंकज सोनी ने बताया कि दिवाली स्नेह मिलन एवं अन्नकूट महोत्सव का उद्देश्य क्षेत्र के निवासियों को एक मंच पर लाकर आपसी आत्मीयता, सामाजिक समरसता और पारिवारिक एकजुटता को मजबूत करना है। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी निवासियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में वार्ड 48 के पार्षद सिद्धार्थ तोंदवाल, पूर्व पार्षद अभय पुरोहित, पूर्व पार्षद हरिओम स्वर्णकार सहित क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Comment List