जिला प्रमुख-प्रधान के चुनाव 25 से 28 तक, सदस्यों के हाथ में होगी सत्ता की चाबी
4 जिलों में दिसंबर में चुनाव
जयपुर। राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद अब जिला प्रमुख, उप जिला प्रमुख, प्रधान और उप प्रधान के निर्वाचन की तैयारी है। राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, 25 नवंबर को जिला प्रमुख और 27 नवंबर को पंचायत समिति प्रधान के चुनाव होंगे। 26 नवंबर को उप जिला प्रमुख और 28 नवंबर को उप प्रधान चुने जाएंगे। इन चुनावों में जिला परिषद और पंचायत समिति के नवनिर्वाचित सदस्य मतदान करेंगे। यानी अब राजनीतिक दलों की रणनीति सदस्यों को एकजुट रखकर अपने पक्ष में बहुमत जुटाने पर केंद्रित रहेगी।
सुबह 10 बजे शुरू होगी चुनाव प्रक्रिया :
आयोग के कार्यक्रम के अनुसार चारों पदों के लिए संबंधित निकायों में सुबह 10 बजे बैठक शुरू होगी। सुबह 11 बजे तक नामांकन पत्र लिए जाएंगे और 11:30 बजे उनकी जांच होगी। दोपहर एक बजे तक नाम वापसी का अवसर मिलेगा। इसके बाद चुनाव चिह्न आवंटित कर प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। आवश्यकता होने पर दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। मतदान के तुरंत बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।
पहले चार चरणों में हुए चुनाव :
इससे पहले प्रदेश में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव 23 अक्टूबर, 29 अक्टूबर, 4 नवंबर और 14 नवंबर को चार चरणों में कराए गए। पंच सरपंच के चुनाव 25 और 31 अक्टूबर तथा 6 और 16 नवंबर को हुए। सरपंच पंच की मतगणना मतदान के दिन ही हुई, जबकि जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना 20 नवंबर को जिला मुख्यालयों पर कराई गई।
चार जिलों में दिसंबर में चुनाव :
बारां, कोटा, करौली और श्रीगंगानगर में जिला प्रमुख का चुनाव 22 दिसंबर, उप जिला प्रमुख का 23 दिसंबर, प्रधान का 24 दिसंबर और उप प्रधान का 25 दिसंबर को होगा।

Comment List