जिला प्रमुख व उप जिला प्रमुख का निर्वाचन कार्यक्रम जारी, पढ़े पूरी खबर
दोपहर 3 से 5 बजे तक मतदान
जयपुर। पंचायतीराज चुनाव के तहत जयपुर जिले के जिला प्रमुख पद पर कौन बैठेगा इसका फैसला बुधवार को होगा। इसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने सोमवार को निर्वाचन कार्यक्रम जारी कर दिया। इसके बाद गुरुवार को उप जिला प्रमुख का निर्वाचन होगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने बताया कि जिला प्रमुख एवं उप जिला प्रमुख का कार्यक्रम जारी कर दिया है और बुधवार को जिला प्रमुख एवं गुरुवार को उप जिला प्रमुख का निर्वाचन कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिला प्रमुख के लिए जिला परिषद सभा भवन में सुबह 10 बजे से निर्वाचन प्रक्रिया शुरू होगी और आवाश्यकता पड़ने पर दोपहर 3 से 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा और मतदान के बाद परिणाम जारी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राजस्थान पंचायतीराज अधिनियम 1994 तथा राजस्थान पंचायतीराज निर्वाचन नियम 1994 के प्रावधानों और राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
सुबह 10 बजे शुरू होगी प्रक्रिया :
नायक ने बताया कि जिला प्रमुख एवं उप जिला प्रमुख के निर्वाचन के लिए संबंधित तिथि को सुबह 10 बजे बैठक शुरू होगी। सुबह 11 बजे तक अभ्यर्थियों की ओर से नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए जा सकेंगे।
इसके बाद सुबह 11.30 बजे नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा होगी। दोपहर 1 बजे तक अभ्यर्थिता वापस लेने का समय निर्धारित किया गया है। इसके तुरंत बाद चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची तैयार कर चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।
दोपहर 3 से 5 बजे तक मतदान :
यदि चुनाव की आवश्यकता हुई तो दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना होगी और परिणाम घोषित किए जाएंगे। इस तरह 25 नवंबर को जिला प्रमुख तथा 26 नवंबर को उप जिला प्रमुख के निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी होगी।
प्रमाण पत्र और पहचान पत्र जरूरी :
निर्वाचन प्रक्रिया में भाग लेने वाले जिला परिषद के निर्वाचित सदस्यों को अपना निर्वाचन प्रमाण पत्र तथा आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र या अन्य फोटोयुक्त पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। निर्धारित प्रारूप में नाम निर्देशन पत्र संबंधित रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष अभ्यर्थी या उसके प्रस्तावक द्वारा प्रस्तुत किया जा सकेगा। नाम निर्देशन पत्र पर अभ्यर्थी और जिला परिषद के एक निर्वाचित सदस्य, जो प्रस्तावक होगा के हस्ताक्षर आवश्यक होंगे।
प्रधान का चुनाव 27 व उप प्रधान का 28 को निर्वाचन :
जिले की 22 पंचायत समितियों में प्रधान का निर्वाचन 27 नवंबर को होगा। इसके बाद 28 नवंबर को उप प्रधान का निर्वाचन होगा।

Comment List