पुष्कर मेले में पहली बार दंगल का आयोजन होगा, छह वर्गों में चुने जाएंगे विजेता
कबड्डी मुकाबले में देशी टीम ने मारी बाजी
अजमेर। राजस्थान में अजमेर के तीर्थराज पुष्कर में पूरे परवान पर चल रहे अन्तरराष्ट्रीय पुष्कर मेले में पहली बार 'दंगल' का आयोजन होगा।इसका आयोजन 22 और23 नवम्बर को मेला मैदान पर किया जायेगा।राजस्थान राज्य कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजीव दत्ता के 'कुश्ती प्रेम' ने पहली बार मेले में कुश्ती कला और दमखम के प्रदर्शन को देशी-विदेशी पर्यटक देख सकेंगे। संघ के महासचिव सौरभ बजाड़ ने गुरुवार को बताया कि कुश्ती भारत की प्राचीन और गौरवशाली खेल परम्परा का अभिन्न हिस्सा है। पुष्कर में पहली बार खेल और शौर्य की अनूठी परम्परा का भव्य नजारा देखा जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि दंगल में छः वर्ग के विजेता का चयन होगा और उन्हें पुरुस्कृत भी किया जायेगा। प्रतियोगिता में शिरकत करने वालों को भत्ता भी मिलेगा। श्री बजाड़ ने बताया कि प्रतियोगिता में 'पुष्कर मेला अजमेर केसरी', 'पुष्कर मेला अजमेर कुमार', 'पुष्कर मेला अभिमन्यु', 'महिला पुष्कर मेला अजमेर केसरी', 'महिला पुष्कर मेला अजमेर कुमारी'और महिला पुष्कर मेला 'अजमेर किशोरी' का चयन किया जायेगा। आज हुई कब्ड्डी प्रतियोगिता में देशी टीम ने 33-21 से जीत दर्ज की। मेला मैदान पर प्रतियोगिताएं निरंतर चल रही हैं।पुष्कर में देशी-विदेशी पर्यटकों और पशुओं की उपस्थिति ने मेले की रंगत में बढ़ा दी है।

Comment List