शक्ति दिवस : बच्चों, किशोरियों और महिलाओं की एनीमिया स्क्रीनिंग, मिला उपचार
हीमोग्लोबिन की जांच की गई
जयपुर। जयपुर के सरकारी चिकित्सा संस्थानों और डिस्पेंसरियों में शक्ति दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान बच्चों, किशोरी बालिकाओं और महिलाओं की एनीमिया स्क्रीनिंग कर हीमोग्लोबिन की जांच की गई। एनीमिया पाए जाने पर उपचार उपलब्ध कराने के साथ जरूरत के अनुसार आयरन की गोलियां भी वितरित की गईं।
स्वास्थ्यकर्मियों ने लोगों को पोषणयुक्त एवं संतुलित आहार लेने के लिए जागरूक किया। सीएमएचओ जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत ने बताया कि शक्ति दिवस का उद्देश्य बच्चों, किशोरियों और महिलाओं में एनीमिया की दर को कम करना है। इसके तहत बच्चों, किशोरी बालिकाओं, विवाहित महिलाओं, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं की एनीमिया की जांच एवं उपचार किया जाता है। साथ ही उन्हें आयरन-युक्त और पोषणयुक्त आहार के सेवन के प्रति जागरूक किया जाता है।
उन्होंने बताया कि राजस्थान को एनीमिया मुक्त बनाने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग अन्य विभागों के सहयोग से प्रत्येक मंगलवार को शक्ति दिवस आयोजित कर विभिन्न गतिविधियां संचालित करता है।

Comment List