दिवाली पर बनी मां, चार दिन में उजड़ गई गृहस्थी, प्रीति की इलाज के दौरान मौत
मेडिकल कॉलेज अस्पतालों में प्रसूताओं की मौतों का सिलसिला नहीं थमा
कोटा। एमबीएस अस्पताल में गुरुवार शाम 36 वर्षीय प्रसूता प्रीति की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका के पति भंवरलाल ने बताया कि प्रीति ने दीवाली के दिन (8 नवंबर) को सिजेरियन डिलीवरी के जरिए एक बेटी को जन्म दिया था। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के मात्र दो घंटे बाद ही प्रीति को सांस लेने में तकलीफ होने लगी थी, लेकिन अस्पताल प्रशासन ने समय पर गंभीर रुख नहीं अपनाया। डॉक्टरों ने पहले पीलिया, फिर लिवर और बाद में किडनी प्रभावित होने की बात कही। पिछले तीन-चार दिनों से यूरिन पूरी तरह बंद हो जाने के बाद उसकी स्थिति बेहद नाजुक हो गई, जिसके बाद 10 नवंबर को उसे एमबीएस अस्पताल रेफर किया गया, जहां गुरुवार शाम उसने दम तोड़ दिया।
अब तक कुल 11 से अधिक प्रसूताओं की जान जा चुकी :
पिछले 17 दिनों के भीतर सिजेरियन डिलीवरी के बाद 6 प्रसूताओं की मौत हो चुकी है,जबकि मई 2026 से अब तक कुल 11 से अधिक प्रसूताओं की जान इस जा चुकी है। बार-बार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने शहर के चिकित्सा तंत्र और प्रशासनिक मॉनिटरिंग पर बहुत बड़े और गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बच्चेदानी सूखी थी बीपी का किया इलाज :
जेके लोन अस्पताल की अधीक्षक डॉ. निर्मला शर्मा ने कहा कि मृतका प्रीति का इलाज डॉ. सुमन मीणा की यूनिट में चल रहा था। उनके अनुसार, मरीज को जब 8 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे लाया गया था, तब उसकी स्थिति पहले से ही काफी खराब थी और उसका ब्लड प्रेशर (बीपी) बेहद बढ़ा हुआ था। गर्भ में बच्चेदानी का पानी भी सूखा हुआ था, जिसके चलते बच्चे की जान बचाने के लिए तुरंत सी-सेक्शन करना पड़ा।

Comment List