उजड़ गए परिवार...12 चालान वाले ट्रेलर ने छीनी 3 जिंदगियां, कोई घर लौट रहा था तो कोई परिवार की जिम्मेदारी निभाने निकला था
5 वाहनों को लिया चपेट में
जयपुर। किसी को घर लौटना था तो किसी को परिवार की जिम्मेदारियां निभानी थीं। लेकिन मुरलीपुरा में लोहा मंडी कट के सामने शुक्रवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रेलर ने पांच वाहनों को चपेट में लेकर दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। हादसे में रमेश चंद्र शर्मा, हनुमान सहाय शर्मा, देवीसिंह रावत की मौत हो गई, जबकि ट्रेलर चालक समेत दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने ट्रोला चालक सुमन कुमार को अस्पताल में उपचार के बाद हिरासत में लिया। बाद में उसकी मौका परेड़ कराई गई।
कैब के इंतजार में खड़े नवरंग को चपेट में लिया :
दौसा के बामणवास निवासी 36 वर्षीय नवरंग सांगानेर जाने के लिए कैब का इंतजार कर रहे थे। वे सुबह साढ़े नौ बजे घर से निकले थे। ट्रेलर ने उन्हें चपेट में ले लिया। हादसे में उनका पैर टूट गया।
डेढ़ साल में 12 चालान, फिर भी सड़कों पर दौड़ता रहा ट्रेलर :
हादसे में शामिल ट्रेलर के जून 2025 से अब तक करीब डेढ़ साल में 12 चालान हो चुके हैं। नागालैंड नंबर का यह वाहन भांकरोटा के पते पर केएमटी कंपनी के नाम से पंजीकृत है। इसके खतरनाक तरीके से वाहन चलाने, ओवरस्पीड, ओवरलोडिंग और लेन ड्राइविंग सहित गंभीर यातायात उल्लंघनों में राजस्थान समेत अन्य राज्यों में चालान किए थे।
रमेश के कंधों पर थी पूरे परिवार की जिम्मेदारी :
मृतक रमेश चंद्र शर्मा (57) दादी का फाटक क्षेत्र में रहते थे। शुक्रवार को वे काम के सिलसिले में कार लेकर निकले थे। रमेश परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। तो वहीं दूसरी ओर हादसे में 50 वर्षीय हनुमान सहाय शर्मा की जान चली गई। ट्रेलर के टायरों के बीच करीब आधे घंटे तक वह फंसा रहा। तीसरे घायल रावत ने अस्पताल में देर रात दम तोड़ा।
पत्थर फेंकने की चर्चा सीसीटीवी खंगाल रहे :
प्रत्यक्षदर्शी रविंद्र सिंह ने ट्रॉले के नीचे फंसे व्यक्ति को निकालने में मदद की। दुकानदार राकेश ने बताया कि ट्रेलर दुकान के सामने चबूतरे से टकराया। हादसे से पहले स्कूटी सवारों और चालक के बीच कहासुनी तथा चालक पर पत्थर फेंकने की चर्चा भी है। डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण के अनुसार शुरूआती जांच में तेज रफ्तार हादसे की वजह सामने आई है।

Comment List