जयपुर मेट्रो की संपत्तियों पर पोस्टर-बैनर लगाने वालों पर होगी FIR, 1 साल तक की हो सकती है जेल
सामाजिक संगठनों और विज्ञापन एजेंसियों से अपील
जयपुर। जयपुर मेट्रो की संपत्तियों को पोस्टर, बैनर, होर्डिंग और पंपलेट लगाकर विरूपित करने वालों के खिलाफ अब मेट्रो पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। पुलिस थाना जयपुर मेट्रो द्वारा ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों, संस्थाओं और संगठनों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कार्यालय पुलिस उपायुक्त, मेट्रो रेल, आयुक्तालय जयपुर की ओर से जारी सूचना के अनुसार, जयपुर मेट्रो के पिल्लर, स्टेशन परिसर, दीवारों एवं अन्य परिसंपत्तियों पर बिना अनुमति प्रचार सामग्री चिपकाना या नारे एवं विज्ञापन लिखकर सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना दंडनीय अपराध है।
पुलिस के अनुसार इस तरह के कृत्य राजस्थान संपत्ति विरूपण निवारण अधिनियम, 2006 एवं उसके लागू प्रावधानों के तहत अपराध की श्रेणी में आते हैं। ऐसे मामलों की जानकारी मिलने पर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार एफआईआर दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पहली बार अपराध पर 5 हजार तक जुर्माना :
अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार पहली बार अपराध करने पर 5,000 रुपये तक का जुर्माना, एक वर्ष तक का कारावास अथवा दोनों सजाएं हो सकती हैं। वहीं, दोबारा अपराध करने पर 10,000 रुपये तक का जुर्माना, दो वर्ष तक का कारावास अथवा दोनों का प्रावधान है।
सामाजिक संगठनों और विज्ञापन एजेंसियों से अपील :
मेट्रो पुलिस ने सभी सामाजिक संगठनों, निजी संस्थाओं, विज्ञापन एजेंसियों एवं आमजन से अपील की है कि जयपुर मेट्रो की किसी भी संपत्ति पर बिना अनुमति पोस्टर, बैनर, होर्डिंग या अन्य प्रचार सामग्री नहीं लगाएं।
पुलिस प्रशासन ने सार्वजनिक संपत्ति की स्वच्छता, सुंदरता और सुरक्षा बनाए रखने में आमजन से सहयोग की अपील की है। साथ ही स्पष्ट किया है कि मेट्रो परिसंपत्तियों को विरूपित करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Comment List