प्रेमी के प्यार में पत्नी बनी पति की कातिल, हत्या कर 3 KM अंदर जंगल में दफनाया शव; डॉग स्क्वॉड ने खोला राज
पत्नी और प्रेमी गिरफ्तार
बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की शाहपुर थाना पुलिस ने संदीप यादव की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए उसकी पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को ताकू मिलिट्री रेंज के जंगल में नाले के पास रेत में दफना दिया था। पुलिस ने डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम की मदद से शव बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, ग्राम खापा निवासी सागर यादव ने 20 नवम्बर 2026 को शाहपुर थाने में अपने पति संदीप यादव की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश शुरू की। जांच के दौरान पत्नी सागर यादव और ओमप्रकाश यादव की संदिग्ध गतिविधियों तथा उनके आपसी संबंधों के बारे में जानकारी मिली। पूछताछ और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने खुलासा किया कि सागर यादव ने ओमप्रकाश यादव के साथ मिलकर संदीप की हत्या की और शव जंगल में दफना दिया।
पुलिस ने 22 नवम्बर को आरोपियों की निशानदेही पर जंगल में तलाश शुरू की। शुरुआत में दोनों पुलिस को गुमराह करते रहे। इसके बाद शाहपुर थाना प्रभारी नीरज पाल ने पुलिस अधीक्षक अमित सक्सेना के निर्देश पर जिला फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। सीन ऑफ क्राइम एक्सपर्ट निरीक्षक आबिद अंसारी, डॉग हैंडलर विवेक गाडगे और फोटोग्राफर प्रधान आरक्षक सुभाष माकोड़े घटनास्थल पहुंचे। मृतक के घर से लाए गए कपड़ों और चप्पलों से खोजी कुत्ते को गंध सुंघाई गई। इसके बाद कुत्ता मुख्य सड़क से करीब तीन किलोमीटर अंदर जंगल में नाले के पास पहुंचा। वहां शव दफन होने के संकेत मिलने पर तहसीलदार इटारसी और केसला थाना प्रभारी की मौजूदगी में खुदाई कर संदीप यादव का शव बरामद किया गया।
घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक अमित सक्सेना ने शाहपुर और नर्मदापुरम जिले के केसला थाना पुलिस को आवश्यक निर्देश दिए। शाहपुर थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 529/2026 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3) के तहत दर्ज प्रकरण में हत्या और साक्ष्य छिपाने से संबंधित धाराएं 103(1) और 238 भी जोड़ी गई हैं। पुलिस ने सागर यादव और ओमप्रकाश यादव को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा आरोपी पत्नी के कपड़े जब्त किए हैं। पुलिस अधीक्षक ने लोगों से विवादों को संवाद और कानूनी तरीके से सुलझाने तथा कानून हाथ में नहीं लेने की अपील की है।

Comment List