रिपोर्ट आने से पहले ही खा गए मिलावटी मिठाई, अब खुला मिलावट का राज!

दीपावली पर खाद्य विभाग ने लिए थे 136 सैंपल, 12 खाद्य पदार्थ अनसेफ

रिपोर्ट आने से पहले ही खा गए मिलावटी मिठाई, अब खुला मिलावट का राज!
55 लीटर दूषित तेल, 100 किलो पनीर समेत खराब खाद्य सामग्री मौके पर नष्ट करवाई।

कोटा। धनतेरस और दीपावली पर घरों में मिठाइयों की मिठास घुल चुकी थी। बाजारों से खरीदे गए घी, मावे, पनीर, ड्राई फ्रूट और मिठाइयों का लोगों ने जमकर सेवन भी कर लिया, लेकिन अब खाद्य विभाग की जांच रिपोर्ट ने आमजन की सेहत को लेकर चिंता बढ़ा दी है। त्योहार से पहले जांच के लिए उठाए गए खाद्य पदार्थों के नमूनों की रिपोर्ट अब सामने आई है। इनमें 12 खाद्य पदार्थ स्वास्थ्य के लिए असुरक्षित (अनसेफ) पाए गए हैं। यानी जिन चीजों को लोगों ने त्योहार की खुशियों के बीच बड़े चाव से खाया, वे स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकती थीं। चिंता की बात यह है कि रिपोर्ट आने तक संबंधित खाद्य सामग्री का सेवन हो चुका था।

खाद्य विभाग ने मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए 13 अक्टूबर से 8 नवंबर तक विशेष अभियान चलाया था। इस दौरान जिलेभर से 136 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। इनमें से अब तक 115 की रिपोर्ट मिली है। जांच में 26 नमूने फेल पाए गए। इनमें 12 अनसेफ और 14 सब स्टैंडर्ड एवं मिसब्रांड की श्रेणी में शामिल हैं। सोमवार को आई 22 नमूनों की रिपोर्ट में भी कई खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता में गड़बड़ी सामने आई है। अभी 21 नमूनों की रिपोर्ट आना बाकी है।

घी, ड्राई फ्रूट और पनीर तक में गड़बड़ी
जांच में दो देसी घी, दो ड्राई फ्रूट, तीन टेबल बटर, एक काली मिर्च, एक पनीर, एक मावा, एक मीठा मावा और एक यूज्ड ऑयल का नमूना अनसेफ पाया गया है। ये खाद्य पदार्थ घरों में रोजमर्रा के इस्तेमाल से लेकर त्योहारों के विशेष पकवान तैयार करने तक में उपयोग किए जाते हैं। ऐसे में इनकी गुणवत्ता पर सवाल खड़े होना आमजन के लिए चिंता का विषय है।

गुलाब जामुन, कचौरी और मिल्क केक भी फेल
अनसेफ के अलावा कई खाद्य पदार्थ गुणवत्ता के निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरे। इनमें देसी घी, गुलाब जामुन, कचौरी, टेबल बटर, बादाम, पतीशा, मिल्क केक और मावे से बनी अन्य मिठाइयों के नमूने सब स्टैंडर्ड एवं मिसब्रांड पाए गए। त्योहारों के दौरान इनकी मांग सबसे अधिक रहती है। लोग इन्हें खरीदकर परिवार के साथ सेवन करने के अलावा रिश्तेदारों और परिचितों को भी भेंट करते हैं।

Read More Voice Of Youth: सावधानी ही बचाव छोटी सी लापरवाही, पड़ सकती है जिंदगी पर भारी!

मौके पर नष्ट करवाई दूषित सामग्री
अभियान के दौरान खाद्य विभाग की टीम ने नमूने लेने के साथ खराब और दूषित खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवाया। कार्रवाई में 55 लीटर दूषित खाद्य तेल, 8 किलो काजू टुकड़ा और 110 किलो खराब एवं बदबूदार अमचूर व छुआरा नष्ट करवाए गए। इसके अलावा 100 किलो पनीर सहित अन्य खाद्य सामग्री भी नष्ट करवाई गई।

Read More नए ड्राइवरों का टेस्ट ले रहा बदहाल ट्रैक, गड्ढों में अटका लाइसेंस का रास्ता; 75 लाख की मरम्मत को जयपुर से मंजूरी का इंतजार

कारोबारियों को दोबारा जांच का मिलेगा मौका
खाद्य सुरक्षा इकाई के अनुसार अनसेफ नमूनों के मामलों में संबंधित कारोबारियों को पूछताछ के लिए बुलाकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जांच रिपोर्ट से असंतुष्ट कारोबारी दोबारा जांच के लिए नमूने मैसूर और पुणे की रेफरल फूड लैबोरेटरी में भेजने का विकल्प अपना सकेंगे। दोबारा जांच नहीं कराने की स्थिति में नियमानुसार सीजेएम कोर्ट में चालान पेश किया जाएगा। दोष सिद्ध होने पर छह माह तक की सजा का प्रावधान है। वहीं, सब स्टैंडर्ड और मिसब्रांड नमूनों के मामलों में भी कारोबारियों को पुनः जांच का अवसर मिलेगा। इसके बाद नियमानुसार एडीएम कोर्ट में चालान पेश किया जाएगा।

Read More कोटा में सीबीएन की बड़ी कार्रवाई, ब्रेजा कार की स्टेपनी से 16.431 किलो अफीम जब्त

इनका कहना है
खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजे जाते हैं। जैसे-जैसे जांच रिपोर्ट प्राप्त होती है, उसी के अनुसार संबंधित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाती है।
- डॉ. नरेंद्र नागर, सीएमएचओ, कोटा

Related Posts

Post Comment

Comment List

Latest News

जयपुर एयरपोर्ट पर ‘एविएशन सेफ्टी अवेयरनेस वीक’ शुरू, 27 नवंबर तक चलेंगे जागरूकता कार्यक्रम जयपुर एयरपोर्ट पर ‘एविएशन सेफ्टी अवेयरनेस वीक’ शुरू, 27 नवंबर तक चलेंगे जागरूकता कार्यक्रम
एयरपोर्ट पर ‘एविएशन सेफ्टी अवेयरनेस वीक’ की शुरुआत हुई। इसका उद्देश्य विमानन सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सुरक्षा मानकों...
रिपोर्ट आने से पहले ही खा गए मिलावटी मिठाई, अब खुला मिलावट का राज!
Voice Of Youth : गेम की सीमा तय होना बेहद जरूरी, चिड़चिड़ेपन और तनाव ने घेरा
राजस्थान में फेस्टिव सीजन 2026 : कुल वाहन बिक्री 4.16 लाख पार, 4.72% की वृद्धि
राजस्थान के आभूषण उद्योग को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री
एईपीसी का सेमिनार 26 नवंबर को जयपुर में, मुक्त व्यापार समझौतों के प्रभावी उपयोग पर होगा मंथन
प्रेमी के प्यार में पत्नी बनी पति की कातिल, हत्या कर 3 KM अंदर जंगल में दफनाया शव; डॉग स्क्वॉड ने खोला राज