कोचिंग संस्थानों की मनमानी पर लगेगी रोक, बीच में पढ़ाई छोड़ने पर लौटानी होगी शेष फीस
कोचिंग संस्थानों का भी पंजीकरण अनिवार्य
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार निजी कोचिंग संस्थानों की मनमानी पर अंकुश लगाने और विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए नया अधिनियम लाने की तैयारी कर रही है। विभाग से आज मिली जानकारी के अनुसार प्रस्तावित अधिनियम के तहत विद्यार्थियों के बीच में पढ़ाई छोड़ने पर कोचिंग संस्थानों को शेष अवधि की फीस आनुपातिक आधार पर वापस करनी होगी। प्रदेश में विद्यार्थियों से मनमानी शुल्क वसूली, अधूरी जानकारी और असुरक्षित शैक्षणिक वातावरण से जुड़ी शिकायतों के मद्देनजर सरकार ने कोचिंग संस्थानों को जवाबदेह बनाने की दिशा में पहल की है। प्रस्तावित व्यवस्था से विद्यार्थियों को सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ ही अभिभावकों पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को कम करने का प्रयास किया जाएगा।
नई व्यवस्था के तहत यदि कोई विद्यार्थी एक वर्षीय पाठ्यक्रम के लिए 60 हजार रुपये जमा करता है और चार माह बाद पढ़ाई छोड़ देता है, तो संबंधित कोचिंग संस्थान को शेष आठ माह की फीस के रूप में 40 हजार रुपये वापस करने होंगे। कोचिंग संस्थानों को नामांकन से पहले विद्यार्थियों और अभिभावकों को शुल्क संरचना तथा पढ़ाए जाने वाले विषयों की पूरी जानकारी उपलब्ध करानी होगी। चिकित्सा, अभियांत्रिकी, लोक सेवा आयोग, बैंकिंग सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले संस्थानों को प्रस्तावित अधिनियम के दायरे में लाया जाएगा।
राज्य सरकार की प्रस्तावित व्यवस्था केंद्र सरकार के आदर्श दिशा-निर्देशों से अधिक सख्त होगी। केंद्र सरकार ने 50 से अधिक विद्यार्थियों वाले कोचिंग संस्थानों के पंजीकरण का प्रावधान किया है, जबकि छत्तीसगढ़ में 20 या उससे अधिक विद्यार्थियों वाले संस्थानों के लिए भी पंजीकरण अनिवार्य करने की तैयारी है। इससे छोटे कोचिंग संस्थान भी नियामक व्यवस्था के दायरे में आएंगे।
विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य, मनोबल और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक कोचिंग संस्थान में परामर्श की व्यवस्था करने का प्रावधान रखा गया है। उत्पीड़न से संबंधित मामलों की सुनवाई के लिए पृथक शिकायत निवारण तंत्र विकसित किया जाएगा। इसके अलावा विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए 24 घंटे संचालित हेल्पलाइन की व्यवस्था होगी, जिसके माध्यम से फीस, सुरक्षा और उत्पीड़न से संबंधित शिकायतें दर्ज कराई जा सकेंगी।
कोचिंग संस्थानों की निगरानी के लिए दो स्तरीय व्यवस्था स्थापित करने का प्रस्ताव है। राज्य स्तर पर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में प्राधिकरण तथा जिला स्तर पर कलेक्टर की अध्यक्षता में समिति गठित की जाएगी। प्रस्तावित नियमों का उल्लंघन करने वाले कोचिंग संस्थानों पर 10 हजार रुपये से लेकर पांच लाख रुपये तक का आर्थिक दंड लगाने के साथ ही उनका पंजीकरण निरस्त करने की कार्रवाई का भी प्रावधान होगा।

Comment List