प्रधान चुनाव में पंचायत समितियों में बवाल ! कहीं पथराव तो कहीं लाठीचार्ज, भाजपा-कांग्रेस के सदस्यों पर हमले; बसों और गाड़ियों के शीशे तोड़े
डीग में एक ही प्रत्याशी को दोनों दलों ने दिया सिंबल
जयपुर। प्रदेश की 37 जिला परिषदों के अंतर्गत 419 पंचायत समितियों में शुक्रवार को प्रधान पद के चुनाव के दौरान कई जगह हंगामा, मारपीट और पथराव की घटनाएं सामने आईं। कोटपूतली-बहरोड़ के बहरोड़ में नीमराना के भाजपा समर्थित पंचायत समिति सदस्यों की गाड़ियों पर हमला कर शीशे तोड़ दिए गए। वहीं भीलवाड़ा की खजूरी पंचायत समिति में कांग्रेस सदस्यों को मतदान के लिए लेकर पहुंची बस पर पथराव कर उसके शीशे तोड़ दिए गए। टोंक के मालपुरा में भीड़ को हटाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, जिसमें कांग्रेस नेताओं को चोटें आईं। सीकर के नीमकाथाना में कांग्रेस की बाड़ेबंदी के बाहर पथराव हुआ।
बहरोड़ में नीमराना के भाजपा के 12 निर्वाचित पंचायत समिति सदस्य मतदान के लिए जा रहे थे। इसी दौरान गंडाला गांव के पास उनकी गाड़ियों को रोकने का प्रयास किया गया और हमला कर शीशे तोड़ दिए गए। भाजपा नेता डॉ. मोहित यादव के अनुसार, पुलिस के मौके पर पहुंचने से सदस्य मतदान केंद्र तक पहुंच सके। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराने की बात कही।
भीलवाड़ा की खजूरी पंचायत समिति में कांग्रेस सदस्यों को मतदान के लिए लेकर आई बस पर हमला हुआ। घटना के बाद सड़क पर जाम लग गया और मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। यहां कांग्रेस नेता बाबूलाल मीणा की पुत्रवधू मनीषा मीणा को प्रधान पद का प्रत्याशी बनाए जाने की चर्चा थी, लेकिन पार्टी ने मीरा देवी को प्रत्याशी बनाया। इससे नाराज लोगों ने कांग्रेस नेता धीरज गुर्जर के खिलाफ नारेबाजी की। मतदान के लिए पहुंचे कांग्रेस सदस्यों का भी विरोध किया गया।
टोंक की मालपुरा पंचायत समिति में प्रधान चुनाव के दौरान भीड़ को हटाने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया। इस दौरान कांग्रेस नेता गोपाल गुर्जर के सिर में चोट आई, जबकि घासीलाल चौधरी को भी चोटें लगीं। घटना से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए। सीकर के नीमकाथाना में गीता देवी गुर्जर को कांग्रेस का टिकट नहीं मिलने से नाराज समर्थकों ने पार्टी की बाड़ेबंदी के बाहर प्रदर्शन किया और पत्थर फेंके। बाद में पुलिस की मौजूदगी में पंचायत समिति सदस्यों को मतदान केंद्र तक पहुंचाया गया।
कई जगह प्रत्याशियों और समर्थकों के बीच टकराव
खैरथल-तिजारा की कोटकासिम पंचायत समिति में भाजपा प्रत्याशी के समर्थकों के हंगामे के बाद पुलिस को भीड़ हटाने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा। यहां कांग्रेस की डॉ. विनोद कुमारी सांगवान और भाजपा के लोकेश कुमार के बीच मुकाबला था। 19 सदस्यीय पंचायत समिति में भाजपा और कांग्रेस के पास क्रमशः 8 और 3 सदस्य थे, जबकि 8 निर्दलीय सदस्य थे। मतदान के दौरान चार सदस्य कैमरे वाले चश्मे पहनकर पहुंचे। एक सदस्य के पेन में भी कैमरा लगा मिला। पुलिस ने जांच के दौरान इन्हें उतरवा दिया।
सवाई माधोपुर में भाजपा प्रत्याशी माया मीणा के समर्थकों ने कांग्रेस सदस्यों की गाड़ियों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस ने हस्तक्षेप कर उन्हें मतदान केंद्र में प्रवेश दिलाया। नागौर में कांग्रेस और आरएलपी के बीच एक सदस्य को लेकर विवाद हुआ। दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए, जिसके बाद पुलिस ने हस्तक्षेप किया। यहां दोनों दलों के पास सदस्यों की संख्या बराबर बताई गई। बीकानेर के बज्जू में विधायक अंशुमान सिंह भाटी और कांग्रेस नेता गणपत राम सीगड़ के बीच मतदान केंद्र के 100 मीटर दायरे को लेकर बहस हुई। चित्तौड़गढ़ में भाजपा, कांग्रेस और आरएलपी समर्थक कलेक्ट्रेट के बाहर जुटे रहे। यहां भाजपा और कांग्रेस के 14-14 सदस्य हैं, जबकि एक सीट आरएलपी के पास है।
डीग में एक ही प्रत्याशी को भाजपा-कांग्रेस के सिंबल
डीग जिले की बृजनगर पंचायत समिति में प्रधान पद के चुनाव में अलग ही स्थिति देखने को मिली। बती कुमारी ने कांग्रेस, भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया। उन्होंने पूर्व विधायक वाजिब अली की मौजूदगी में कांग्रेस से और गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म के साथ पहुंचकर भाजपा से भी नामांकन किया। बाद में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में भी पर्चा भरा। दोनों दलों की ओर से उन्हें सिंबल दिए जाने का मामला सामने आया। निर्वाचन प्रक्रिया में अंतिम जमा नामांकन को मान्य माना गया और बती कुमारी भाजपा प्रत्याशी के रूप में निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हुईं।
टिकट वितरण को लेकर कांग्रेस में नाराजगी
सिरोही के आबूरोड में प्रधान पद का टिकट नहीं मिलने पर पूर्व विधायक एवं पूर्व जिला अध्यक्ष गंगा बेन गरासिया ने कांग्रेस जिला अध्यक्ष और पार्टी पदाधिकारियों पर टिकट बेचने का आरोप लगाया। उन्होंने नाराजगी जताते हुए इसके परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी। उदयपुर की सायरा पंचायत समिति में कांग्रेस के पूर्व मंत्री डॉ. मांगीलाल गरासिया ने प्रधान पद के लिए नामांकन दाखिल किया।

Comment List