एनवीडिया के भारतीय मूल के अधिकारी जय पुरी का निजी रिश्ता जांच के घेरे में
एफबीआई ने सुपर माइक्रो के कुछ वरिष्ठ अधिकारियों से भी जानकारी मांगी
दुनिया की प्रमुख चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग के बाद अब कंपनी के एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी के निजी संबंध भी चर्चा में हैं। भारतीय मूल के अधिकारी अजय के. पुरी, जिन्हें जय पुरी के नाम से जाना जाता है, ने सुपर माइक्रो कंप्यूटर की पूर्व वरिष्ठ अधिकारी सेंली चेन से शादी की है। वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के अनुसार, दोनों के बीच कई वर्षों से संबंध थे और उन्होंने 7 मार्च को विवाह किया। यह संबंध ऐसे समय में चर्चा में आया है, जब चीन को एनवीडिया की उन्नत चिप्स की कथित अवैध आपूर्ति को लेकर जांच चल रही है।
चिप आवंटन की जिम्मेदारी संभालते थे जय पुरी जय पुरी लंबे समय से एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग के करीबी सहयोगी रहे हैं। हाल तक वे कंपनी की वैश्विक बिक्री का नेतृत्व कर रहे थे। उनके कार्यक्षेत्र में ग्राहकों को कंपनी की उन्नत चिप्स आवंटित करने से जुड़े फैसले भी शामिल थे। दूसरी ओर, सेंली चेन वर्ष 2008 में सुपर माइक्रो से जुड़ी थीं और पदोन्नति पाते हुए कंपनी की मुख्य विकास अधिकारी बनीं। इस दौरान वे एनवीडिया से जुड़े मामलों में जय पुरी के संपर्क में रहती थीं।
चेन ने वॉल स्ट्रीट जर्नल से कहा कि उन्होंने कभी पेशेवर लाभ के लिए निजी संबंधों का सहारा नहीं लिया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि चिप्स के चयन और खरीद में उनकी कोई भूमिका नहीं थी। सुपर माइक्रो ने भी कहा कि चेन कंपनी की ओर से एनवीडिया के साथ समग्र कारोबारी संबंधों या जीपीयू की खरीद का प्रबंधन नहीं करती थीं।
500 मिलियन डॉलर के सर्वर चीन भेजने का आरोप इस संबंध पर शेयरधारकों के एक मुकदमे और शॉर्ट सेलर कंपनी मड्डी वाटर्स की रिपोर्ट के बाद सवाल उठे। अमेरिकी न्याय विभाग ने 19 मार्च को सुपर माइक्रो के सह-संस्थापक यिह-शियान 'वैली' लियाव, एक बिक्री प्रबंधक और तीसरे पक्ष के ब्रोकर के खिलाफ अभियोग जारी किया था। आरोप है कि तीनों ने एनवीडिया की उन्नत चिप्स से लैस 50 करोड़ डॉलर से अधिक मूल्य के सर्वर चीन भेजने की साजिश रची। लियाव ने आरोपों से इनकार किया है, जबकि ब्रोकर ने अभियोजन पक्ष के साथ समझौते के तहत अपना अपराध स्वीकार किया है। सुपर माइक्रो को इस मामले में आरोपी नहीं बनाया गया है। कंपनी ने खुद को कथित साजिश का पीड़ित बताते हुए आरोपियों से संबंध तोड़ने की बात कही है। चेन इस आपराधिक मामले में नामजद नहीं हैं। रिपोर्ट के अनुसार, एफबीआई ने सुपर माइक्रो के कुछ वरिष्ठ अधिकारियों से भी जानकारी मांगी है। एनवीडिया और जय पुरी ने रिपोर्ट पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

Comment List