गांव हुए युवा प्रधान : 419 पंचायत समितियों के प्रधानों में 58 जेन-ज़ी, 29 साल तक के 58 प्रधानों में 55 महिलाएं
सबसे कम उम्र के तीन प्रधान सिर्फ 21 साल के
जयपुर। राजस्थान की 419 पंचायत समितियों में प्रधान चुने जाने के बाद अब उनके उम्र संबंधी आंकड़े भी दिलचस्प तस्वीर पेश कर रहे हैं। चुनाव में जहां अनुभवी और बुजुर्ग चेहरों को मतदाताओं का समर्थन मिला, वहीं युवा पीढ़ी ने भी अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। कुल 419 प्रधानों में से 58 ऐसे हैं, जिनकी उम्र 29 साल या इससे कम है। खास बात यह है कि इन युवा प्रधानों में 55 महिलाएं हैं, जबकि पुरुषों की संख्या केवल तीन है। चुनाव परिणामों के आंकड़ों के अनुसार सबसे कम उम्र के प्रधान 21 साल के हैं, जबकि सबसे अधिक उम्र के प्रधान 76 साल के हैं। प्रधानों की औसत उम्र करीब 42 साल है।
युवा प्रधानों में महिलाओं की बड़ी भागीदारी :
29 साल तक के 58 प्रधानों में 55 महिलाओं का चुना जाना पंचायत चुनाव का सबसे उल्लेखनीय पहलू है। 21 से 29 साल के आयु वर्ग में महिलाओं की संख्या पुरुषों से कहीं अधिक है। बांसवाड़ा और बाड़मेर में सबसे ज्यादा छह-छह युवा प्रधान चुने गए हैं। नागौर, दौसा और बीकानेर जैसे जिलों में भी युवा चेहरों ने जीत दर्ज की है। एक तरफ 21 से 29 साल के युवा प्रधान पंचायतों की कमान संभालेंगे, वहीं दूसरी तरफ 60 साल से अधिक उम्र के 41 प्रत्याशी भी प्रधान बने हैं। इस तरह पंचायत चुनाव में अनुभव और युवा नेतृत्व का मिला जुला स्वरूप देखने को मिला है।

Comment List