50 पंचायत समितियों में मतदान की नौबत ही नहीं आई, निर्विरोध चुने गए प्रधान
भरतपुर में भाजपा के 5 में से 4 प्रधान निर्विरोध
जयपुर। राजस्थान की 419 पंचायत समितियों में प्रधान चुनाव के दौरान कई जगह राजनीतिक मुकाबला मतदान से पहले ही समाप्त हो गया। प्रत्याशियों के नामांकन और नाम वापसी की प्रक्रिया के बाद 50 पंचायत समितियों में प्रधान निर्विरोध निर्वाचित हुए। इनमें कांग्रेस के 27 और भाजपा के 19 प्रत्याशी शामिल हैं। इसके अलावा दो निर्दलीय, भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) का एक-एक प्रत्याशी भी निर्विरोध प्रधान बना। निर्विरोध निर्वाचन के आंकड़े बताते हैं कि कांग्रेस इस मामले में भाजपा से आगे रही। दोनों प्रमुख दलों के बीच आठ सीटों का अंतर रहा। हालांकि कई जगह निर्विरोध निर्वाचन के पीछे पार्टी की सदस्य संख्या का बहुमत, आरक्षित पद के अनुरूप प्रत्याशी नहीं होना और विपक्ष की ओर से नामांकन नहीं किया जाना जैसे स्थानीय समीकरण भी महत्वपूर्ण रहे।
भरतपुर और डीग में भाजपा का दबदबा :
निर्विरोध निर्वाचन के राजनीतिक समीकरणों में भरतपुर और डीग खास रहे। भरतपुर जिले की पांच पंचायत समितियों में प्रधान निर्विरोध चुने गए। इनमें बयाना, नदबई, रूपवास और सेवर में भाजपा के प्रत्याशी निर्विरोध रहे, जबकि वैर में कांग्रेस प्रत्याशी ने बिना मुकाबले जीत दर्ज की। डीग जिले की बृजनगर, डीग और कुम्हेर पंचायत समितियों में भाजपा के प्रत्याशी निर्विरोध प्रधान बने। दूसरी ओर बांसवाड़ा में छोटी सरवा और डूंगरा छोटा में कांग्रेस प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए। अलवर में खेड़ली-सौंखर और राजगढ़ में कांग्रेस के प्रत्याशियों ने बिना मुकाबले जीत हासिल की।

Comment List