भारत के लिए क्यों जरूरी है ज्योतिबा फुले के सत्यशोधक विचार?
विरुद्ध उन्होंने जिस वैचारिक संघर्ष की शुरुआत की थी, वह संघर्ष आज भी जारी
28 नवंबर 1890 को महात्मा जोतिबा फुले ने इस दुनिया को अलविदा कहा था, लेकिन उनके जाने के 136 वर्ष बाद भी भारतीय समाज जिन सवालों से जूझ रहा है, वे सवाल ज्योतिबा फुले ने अपने समय में उठाए थे। जाति आधारित भेदभाव, शिक्षा पर अमीरों का वर्चस्व, स्त्रियों की अधीनता, किसानों का शोषण, धार्मिक पाखंड और सामाजिक गैरबराबरी, इन सबके विरुद्ध उन्होंने जिस वैचारिक संघर्ष की शुरुआत की थी, वह संघर्ष आज भी जारी है। यही वजह है कि जोतिबा फुले को याद करना आज के भारत की सामाजिक और राजनीतिक परिस्थितियों का मूल्यांकन करना भी है।
11 अप्रैल 1827 को महाराष्ट्र में जन्मे जोतिराव गोविंदराव फुले ने बहुत कम उम्र में जातिगत अपमान और भेदभाव का अनुभव किया। एक ब्राह्मण मित्र के विवाह समारोह में जाति के कारण उनका अपमान किया गया। इस घटना ने उनके भीतर सामाजिक अन्याय के विरुद्ध प्रतिरोध की चेतना को और मजबूत किया। उन्होंने महसूस किया कि जाति व्यवस्था केवल सामाजिक ऊंच-नीच नहीं, बल्कि मनुष्य की गरिमा, अधिकार और अवसरों पर नियंत्रण स्थापित करने वाली व्यवस्था है।
जोतिबा फुले ने इस व्यवस्था को चुनौती देने के लिए शिक्षा को सबसे प्रभावी हथियार बनाया। 1848 में उन्होंने पुणे में लड़कियों के लिए विद्यालय शुरू किया। सावित्रीबाई फुले को शिक्षित करके अध्यापन के लिए तैयार किया। उन्होंने शूद्रों, अतिशूद्रों और वंचित समुदायों के बच्चों की शिक्षा के लिए भी विद्यालय खोले। यह ज्ञान पर सदियों से कायम जातिगत एकाधिकार के विरुद्ध सीधा विद्रोह था। उन्होंने शिक्षा को दया या परोपकार नहीं, बल्कि मुक्ति और आत्मसम्मान का माध्यम माना। आज जब शिक्षा का तेजी से निजीकरण और बाजारीकरण हो रहा है, सरकारी विद्यालयों की गुणवत्ता तथा संसाधनों को लेकर सवाल उठ रहे हैं और गरीब परिवारों के बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करना कठिन होता जा रहा है, तब फुले का शिक्षा संबंधी विचार पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक हो जाता है।
1873 में जोतिबा ने सत्यशोधक समाज की स्थापना की। इसका उद्देश्य था समाज को धार्मिक पाखंड, जातिगत वर्चस्व और पुरोहितवादी शोषण से मुक्त करना। सत्यशोधक समाज ने यह विचार सामने रखा कि किसी मनुष्य की श्रेष्ठता उसके जन्म से नहीं, बल्कि उसके कर्म और मानवीय गुणों से निर्धारित होनी चाहिए। फुले ने समाज को सिखाया कि किसी भी परंपरा, धार्मिक मान्यता या सामाजिक व्यवस्था को केवल इसलिए स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए कि वह सदियों से चली आ रही है। उसे तर्क, न्याय और मानवता की कसौटी पर परखा जाना चाहिए। आज के भारत में यह विचार विशेष महत्व रखता है। धर्म और संस्कृति के नाम पर समाज में बढ़ती कट्टरता, अंधविश्वास और विभाजनकारी प्रवृत्तियों के बीच फुले का सत्यशोधक दृष्टिकोण हमें विवेक और प्रश्नाकुलता की राह दिखाता है। उनका आग्रह था कि धर्म और समाज का मूल्यांकन इस आधार पर होना चाहिए कि वे मनुष्य के जीवन को कितना बेहतर और समान बनाते हैं।
फुले की 1873 में प्रकाशित पुस्तक ‘गुलामगिरी’ भारतीय समाज में जातिगत दासता का एक महत्वपूर्ण वैचारिक दस्तावेज है। उन्होंने जाति व्यवस्था को केवल धार्मिक समस्या नहीं माना, बल्कि उसे सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक शोषण से जोड़कर देखा। उनका मानना था कि जब तक शोषित समुदाय अपनी साझा स्थिति को नहीं पहचानेंगे, तब तक वे अपने शोषण की व्यवस्था को चुनौती नहीं दे पाएंगे। जोतिबा फुले की चिंता केवल जाति तक सीमित नहीं थी। उन्होंने किसानों की दुर्दशा, ग्रामीण गरीबी और श्रम के शोषण पर भी गंभीरता से लिखा। उनकी पुस्तक ‘शेतकऱ्याचा असूड’ यानी ‘किसान का कोड़ा’ में किसानों की बदहाली, प्रशासनिक शोषण, साहूकारी और कृषि व्यवस्था की विसंगतियों का विश्लेषण मिलता है। आज जब किसान कर्ज, महंगी कृषि लागत, बाजार की अनिश्चितता और प्राकृतिक संकटों से जूझ रहे हैं, तब फुले की किसान दृष्टि हमें याद दिलाती है कि किसी भी देश की समृद्धि का वास्तविक आधार उसके उत्पादक वर्गों की खुशहाली है।
स्त्री मुक्ति के प्रश्न पर भी फुले अपने समय से बहुत आगे थे। उन्होंने बाल विवाह, विधवाओं के उत्पीड़न और स्त्रियों की अशिक्षा का विरोध किया। विधवाओं के लिए आश्रय और गर्भवती विधवाओं तथा उनके बच्चों की सुरक्षा के लिए व्यवस्था की। सावित्रीबाई के साथ मिलकर उन्होंने स्त्रियों के शिक्षा और सम्मान के अधिकार के लिए संघर्ष किया। आज भी महिलाओं के विरुद्ध हिंसा, बाल विवाह, आर्थिक परनिर्भरता और शिक्षा में असमानता की चुनौतियां मौजूद हैं। ऐसे में फुले का स्त्री समानता का विचार अधूरे सामाजिक एजेंडे को पूरा करने की प्रेरणा देता है। जोतिबा फुले का महत्व इस बात में भी है कि उन्होंने सामाजिक सुधार को व्यक्तिगत सद्भावना तक सीमित नहीं रखा। उन्होंने संगठन बनाया, साहित्य लिखा, शिक्षा संस्थाएं खड़ी कीं और शोषित समुदायों में आत्मसम्मान की चेतना पैदा की। वे जानते थे कि सामाजिक परिवर्तन के लिए विचार के साथ संगठन और संघर्ष भी जरूरी हैं। जोतिबा फुले ने अपने समय में समाज से सत्य की खोज करने का आह्वान किया था। आज भी भारत को उसी सत्यशोधक चेतना की जरूरत है, क्योंकि जिस तरह से असत्य, विभ्रमकारी सूचनाओं ने जनमानस को दिग्भ्रमित कर रखा है, ऐसे समय में सत्य का आग्रह और सत्य के शोधन की सर्वाधिक जरूरत है। असहमतियों के बावजूद प्रगतिशील विचारों के लोग कैसे एक दूसरे के साथ खड़े हो सकते हैं, इसका जीवंत उदाहरण स्वामी दयानंद सरस्वती की सभा का पुणे के रूढ़िवादी लोगों द्वारा किए गए विरोध के दौरान दयानंद सरस्वती के पक्ष में खड़े होने और उनके जुलूस में सबसे आगे चलकर स्वामी दयानंद सरस्वती की सुरक्षा करने का घटनाक्रम है।
आज जब भारत विकसित राष्ट्र बनने का सपना देख रहा है, तब हमें यह सवाल भी पूछना चाहिए कि क्या जाति के आधार पर अपमान और भेदभाव से मुक्त समाज बन पाया है? क्या हर बच्चे को समान शिक्षा मिल रही है? क्या किसान और मजदूर सम्मानजनक जीवन जी पा रहे हैं? क्या स्त्रियां अपने जीवन के निर्णय लेने के लिए स्वतंत्र हैं? यदि इन प्रश्नों के उत्तर संतोषजनक नहीं हैं, तो जोतिबा फुले की प्रासंगिकता समाप्त नहीं हुई है।
(भंवर मेघवंशी)

Comment List