पुलिसकर्मियों को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक एवं डीजीपी डिस्क प्रशस्ति रोल मिलेंगे, जनजातीय विकास अभियान में राजस्थान देशभर में अव्वल
6 हजार से अधिक गांवों में होंगे विकास कार्य
जयपुर। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन में राजस्थान ने देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में अभियान को मिशन मोड पर संचालित किया जा रहा है। इसके तहत 37 जिलों के 208 ब्लॉकों के 6,019 जनजातीय गांवों में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। अभियान के तहत वित्तीय वर्ष 2024-25 से 2026-27 तक छात्रावासों और आवासीय विद्यालयों के निर्माण एवं उन्नयन के लिए 335 करोड़ रुपये से अधिक की प्रशासनिक स्वीकृतियां जारी की गई हैं। वहीं, 277 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय स्वीकृतियां भी जारी हो चुकी हैं।
भारत सरकार ने इसके लिए 177 करोड़ रुपये से अधिक की मदर स्वीकृति दी है। जनजातीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, बारां और सिरोही में छह बहुउद्देशीय विपणन केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। इससे उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने के साथ आजीविका के अवसर बढ़ेंगे। अभियान के पहले चरण में 1 लाख 16 हजार 670 आदि कर्मयोगियों एवं आदि सहयोगियों को प्रशिक्षण दिया गया है। केंद्र की इस योजना में 17 मंत्रालयों की 25 गतिविधियां शामिल हैं। मार्च 2029 तक संचालित होने वाले अभियान का लक्ष्य देशभर के करीब पांच करोड़ जनजातीय लोगों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

Comment List