महादेव सट्टा मामला : दिल्ली में ईडी की छापेमारी, कई अहम दस्तावेज जब्त
रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स तथा भारत के हॉस्पिटैलिटी कारोबार में किया गया
नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ से जुड़े महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए दिल्ली के लग्जरी कैटरर तथा रियल एस्टेट कारोबारी के ठिकानों पर छापेमारी की है। ईडी सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान मिली जानकारियों के आधार पर ईडी ने यह कार्रवाई की है। जांच एजेंसी को संदेह है कि ऑनलाइन सट्टे से अर्जित करोड़ों रुपये इन कारोबारियों तक पहुंचाए गए और इस रकम का निवेश दुबई के रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स तथा भारत के हॉस्पिटैलिटी कारोबार में किया गया है।
ईडी की टीमों ने दिल्ली के पॉश जोरबाग इलाके में रियल एस्टेट कारोबारी के दो मकानों (नंबर 149 और 152) तथा खान मार्केट स्थित उनके व्यावसायिक कार्यालय की तलाशी ली। इसके अलावा कैटरर के कुछ ठिकानों पर भी छापेमारी की। जांच एजेंसी इन ठिकानों से मिले वित्तीय रिकॉर्ड, कंपनियों के दस्तावेज और संपत्तियों से संबंधित कागजात की जांच कर रही है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि इन कारोबारियों के माध्यम से सट्टे की रकम विभिन्न व्यवसायों में तो निवेश नहीं की गयी। सूत्रों के मुताबिक, जांच अब सट्टे के नेटवर्क से आगे बढ़कर उससे जुड़े कारोबारी रिश्तों और संपत्तियों तक पहुंच गई है। जांच एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महादेव ऑनलाइन सट्टे से अर्जित रकम किन व्यक्तियों और कंपनियों के माध्यम से आगे भेजी गई तथा उसका इस्तेमाल कहां किया गया।

Comment List