MP में अचानक ब्लैकआउट, सायरन की गूंज से हड़कंप; क्या आने वाला था बड़ा संकट?
शहर की बत्ती गुल, सायरन चालू
भिण्ड। मध्य प्रदेश के भिण्ड में कल शाम ठीक 7 बजे अचानक शहर की बिजली गुल हो गई। कुछ ही पलों में अंधेरे ने पूरे शहर को अपनी आगोश में ले लिया। इसी बीच तेज सायरन गूंजने लगे। पुलिस की गाडिय़ां और एंबुलेंस लाल बत्ती जलाते हुए सड़कों पर दौडऩे लगीं। जवानों की भागदौड़ और सायरन की आवाज ने शहर में हलचल कर दी। लोगों को लगा कि कहीं कोई बड़ा हादसा या देश पर कोई संकट तो नहीं आ गया। लेकिन यह किसी वास्तविक हमले की स्थिति नहीं थी। प्रशासन ने आपातकालीन परिस्थितियों में राहत और बचाव की तैयारियां परखने के लिए ब्लैकआउट के साथ मॉकड्रिल आयोजित की थी।
पुलिस लाइन में आयोजित इस अभ्यास में पुलिस, होमगार्ड, स्वास्थ्य विभाग और नगर पालिका की टीमों ने मिलकर मोर्चा संभाला। करीब 40 मिनट तक चले इस अभ्यास में यह परखा गया कि युद्ध, हवाई हमले, आगजनी या किसी बड़े हादसे की स्थिति में प्रशासनिक अमला कितनी तेजी से प्रतिक्रिया दे सकता है। संकट के शुरुआती मिनटों में लोगों की जान बचाने के लिए कौन-सा विभाग क्या जिम्मेदारी निभाएगा, इसका भी प्रदर्शन किया गया। मॉकड्रिल में आपदा के अलग-अलग दृश्य तैयार किए गए। कहीं आगजनी तो कहीं हवाई हमले जैसी स्थिति बनाकर बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया गया। जवानों ने घायलों को घटनास्थल से निकालकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया दिखाई। वहीं जरूरत पडऩे पर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और उनके लिए भोजन-पानी की व्यवस्था करने के इंतजाम भी परखे गए। अभ्यास का उद्देश्य यह देखना था कि संकट के समय राहत दल बिना अफरा-तफरी के कितनी तेजी से काम कर सकते हैं।
ब्लैकआउट के दौरान शहर में सामान्य गतिविधियां प्रभावित हुईं। सायरन बजाती गाडिय़ों और जवानों की सक्रियता को देखकर लोग पुलिस लाइन की ओर पहुंचे। वहां लोगों ने राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन देखा। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने पूरी गतिविधि का जायजा लिया। नगर पालिका और होमगार्ड के जवान भी इसमें शामिल रहे। इस मॉकड्रिल ने साफ किया कि आपदा के समय सिर्फ पुलिस या प्रशासन की सक्रियता काफी नहीं होती, बल्कि स्वास्थ्य, बचाव और स्थानीय निकायों के बीच बेहतर तालमेल भी जरूरी है। ऐसी परिस्थितियों में आम लोगों की सतर्कता और सुरक्षित स्थान पर पहुंचने की समझ भी जान बचाने में अहम भूमिका निभाती है।

Comment List