"जेवर एयरपोर्ट" का नाम पीएम के नाम: कांग्रेस के निशाने पर केंद्र सरकार, नेहरू की विरासत को लेकर बोले जयराम
सार्वजनिक परिसंपत्तियों में अब अगला नाम क्या होगा
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने उत्तर प्रदेश के जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नाम पीएम के नाम पर रखे जाने की खबरों पर सवाल उठाते हुए सरकार पर प्रमुख सार्वजनिक बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को मौजूदा प्रधानमंत्री के नाम से जोड़ने का आरोप लगाया है। उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू से तुलना करते हुए याद दिलाया कि नेहरू ने अपने नाम पर सार्वजनिक संस्थानों और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का नाम रखने के प्रस्तावों को कई बार खारिज कर दिया था।
रमेश ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में परियोजना में भारी निवेश और भूमि अधिग्रहण के बावजूद हवाई अड्डे के परिचालन की प्रगति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पीएम ने 28 मार्च 2026 को हवाई अड्डे के पहले चरण का उद्घाटन बड़े प्रचार-प्रसार के बीच किया था, लेकिन उनके दावे के अनुसार, अब तक वहां से एक भी निर्धारित अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू नहीं हुई है। रमेश ने कहा, उत्तर प्रदेश के जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का प्रधानमंत्री ने 28 मार्च 2026 को अपने चिरपरिचित तामझाम के साथ उद्घाटन किया था। पहले चरण के लिए विवादों के बीच 3,000 एकड़ से अधिक जमीन का अधिग्रहण किया गया और इस परियोजना में 30,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश हुआ है।
उन्होंने दावा किया कि हवाई अड्डे का नाम कथित तौर पर बदलकर 'नरेंद्र मोदी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा नोएडा-जेवर' किए जाने के बावजूद वहां यात्रियों की आवाजाही सुस्त बनी हुई है। उन्होंने कहा, इसके बावजूद अब तक वहां से एक भी निर्धारित अंतरराष्ट्रीय उड़ान नहीं भरी गई है। यात्रियों की आवाजाही भी धीमी है, लेकिन इससे हवाई अड्डे का नाम बदलकर नरेन्द्र मोदी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा नोएडा-जेवर करने से नहीं रोका जा सका। प्रमुख सार्वजनिक परिसंपत्तियों के नामकरण को लेकर प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कांग्रेस नेता ने सवाल किया, अहमदाबाद में नरेन्द्र मोदी स्टेडियम और नरेन्द्र मोदी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के बाद अब अगला नाम क्या होगा?
रमेश ने अपने आरोपों के समर्थन में नेहरू के कार्यकाल की कुछ घटनाओं का भी उल्लेख किया, जब तत्कालीन प्रधानमंत्री ने सार्वजनिक बुनियादी ढांचा परियोजनाओं और संस्थानों का नाम अपने नाम पर रखने के प्रस्तावों को अस्वीकार कर दिया था। उन्होंने याद दिलाया कि जनवरी 1949 में नेहरू ने हैदराबाद के फतेह मैदान का नाम उनके सम्मान में बदलने के प्रस्ताव को ठुकरा दिया था। इसी तरह दिसंबर 1956 में उन्होंने जम्मू-कश्मीर में बनिहाल सुरंग का नाम अपने नाम पर रखने से रोकने के लिए हस्तक्षेप किया था।
कांग्रेस नेता ने पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री एम.सी. छागला की आत्मकथा 'रोजेज इन दिसंबर' का भी उल्लेख किया। इसके जरिए उन्होंने नेहरू की सार्वजनिक संस्थानों को अपने नाम से जोड़ने के प्रति अनिच्छा को रेखांकित किया। छागला के विवरण के अनुसार, 1960 के दशक की शुरुआत में शिक्षा मंत्री रहते हुए उन्होंने राष्ट्रीय राजधानी में प्रस्तावित दूसरे विश्वविद्यालय का नाम नेहरू के नाम पर रखने का सुझाव दिया था, लेकिन प्रधानमंत्री ने तत्काल इस प्रस्ताव को खारिज कर दिया था।
जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा देश की प्रमुख ग्रीनफील्ड विमानन परियोजनाओं में शामिल है। इसका उद्देश्य राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र की जरूरतों को पूरा करने के साथ दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बढ़ते यात्री दबाव और परिचालन भार को कम करना है। कई चरणों में विकसित किए जा रहे इस हवाई अड्डे को पश्चिमी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों के प्रमुख विमानन केंद्र के रूप में तैयार करने की योजना है। इसकी दीर्घकालिक विस्तार योजना में अंतरराष्ट्रीय उड़ान संपर्क को भी महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है। हवाई अड्डे का नाम बदले जाने की खबरों से इस परियोजना को लेकर राजनीतिक विवाद भी खड़ा हो गया है। कांग्रेस ने इसके परिचालन की प्रगति के साथ-साथ मौजूदा प्रधानमंत्री के नाम पर प्रमुख सार्वजनिक बुनियादी ढांचा परियोजना का नाम रखने की उपयुक्तता पर भी सवाल उठाए हैं।

Comment List