पशु चिकित्सालय बीमार, इलाज के लिए चाहिए 1 करोड़
निर्माण दरें बढ़ने से लागत एक करोड़ पार
कोटा। पशुओं के उपचार और चिकित्सा सेवाओं के लिए महत्वपूर्ण बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय भवन खुद बदहाली का शिकार है। लंबे समय से मरम्मत और जीर्णोद्धार की बाट जोह रहे इस भवन की स्थिति सुधारने के लिए पशुपालन विभाग की ओर से एक करोड़ रुपए से अधिक का बजट प्रस्ताव भेजा गया है, लेकिन बजट स्वीकृति नहीं मिलने से मरम्मत कार्य अब तक शुरू नहीं हो पाया है। भवन की जर्जर स्थिति के बीच विभागीय गतिविधियां संचालित हो रही हैं, वहीं जीर्णोद्धार की उम्मीद बजट की फाइलों में अटकी हुई है। पशु चिकित्सालय भवन काफी समय से मरम्मत की आवश्यकता महसूस कर रहा है। भवन की स्थिति को देखते हुए इसके जीर्णोद्धार का प्रस्ताव तैयार किया गया था, ताकि आवश्यक मरम्मत करवाकर भवन को बेहतर स्थिति में लाया जा सके।
एक साल से कर रहे इंतजार
करीब एक साल पहले भी पशुपालन विभाग की ओर से मरम्मत कार्य के लिए बजट प्रस्ताव मांगे गए थे। उस समय करीब 80 लाख रुपए का एस्टीमेट तैयार कर विभाग को भेजा गया था, लेकिन बजट स्वीकृति नहीं मिलने के कारण प्रस्ताव आगे नहीं बढ़ पाया और मरम्मत कार्य शुरू होने की उम्मीद अधूरी रह गई। पूर्व में भवन की मरम्मत के लिए बजट प्रस्ताव भेजे जाने के बाद उम्मीद थी कि जल्द ही प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति मिल जाएगी तथा काम शुरू हो सकेगा, लेकिन एक साल गुजरने के बाद भी बजट उपलब्ध नहीं हुआ। इस दौरान भवन की मरम्मत का इंतजार बना रहा। जर्जर भवन को दुरुस्त करने की योजना कागजों तक सीमित रह गई और मौके पर काम शुरू नहीं हो सका। अब विभाग की ओर से दोबारा मरम्मत कार्य के लिए बजट प्रस्ताव मांगा गया है।
निर्माण दरें बढ़ने से लागत में भी इजाफा
एक साल पहले तैयार किए गए करीब 80 लाख रुपए के एस्टीमेट के बाद निर्माण कार्य की दरों में बदलाव आया है। ऐसे में पुराने एस्टीमेट के आधार पर मरम्मत कार्य करवाना संभव नहीं रह गया। विभाग ने नए सिरे से लागत का आकलन किया है, जिसमें मरम्मत कार्य की अनुमानित राशि एक करोड़ रुपए से अधिक पहुंच गई है। नया प्रस्ताव तैयार कर पशुपालन विभाग को भेज दिया गया है। अब बजट स्वीकृति मिलने के बाद ही मरम्मत कार्य की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी। बजट मिलने में देरी के कारण पहले प्रस्ताव की राशि और अब नए प्रस्ताव की राशि में अंतर आ गया है।
पशु चिकित्सा सेवाओं के लिए महत्वपूर्ण भवन
बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय भवन पशुओं के उपचार और पशुपालन से संबंधित चिकित्सा सेवाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण है। यहां पशुओं के उपचार से जुड़ी गतिविधियां संचालित होती हैं। ऐसे में भवन का सुरक्षित और व्यवस्थित होना आवश्यक है। जर्जर भवन की मरम्मत होने से चिकित्सालय में उपलब्ध सुविधाओं को बेहतर तरीके से संचालित करने में मदद मिल सकेगी। भवन के जीर्णोद्धार की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है, लेकिन बजट के अभाव में काम शुरू नहीं होने से स्थिति जस की तस बनी हुई है।
बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय भवन के जीर्णोद्धार के लिए एक साल पहले अस्सी लाख के बजट का प्रस्ताव भेजा गया था, जो स्वीकृति के इंतजार में था। अब फिर से करीब एक करोड़ से अधिक के बजट का प्रस्ताव भेजा गया है।
- डॉ. दिनेश गोठवाल, संयुक्त निदेशक, पशुपालन विभाग

Comment List