एसएमएस अस्पताल ने बदली इमरजेंसी की ड्यूटी व्यवस्था : मेडिसिन, सर्जरी और अस्थि रोग के डॉक्टर रहेंगे तैनात
अब इमरजेंसी में ही मिलेगा आंख, कान और नाक संबंधी मरीजों को विशेषज्ञ उपचार
जयपुर। सवाई मानसिंह अस्पताल की इमरजेंसी और ट्रॉमा सेंटर में मरीजों को विशेषज्ञ उपचार के लिए अलग-अलग विभागों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। अस्पताल प्रशासन ने इमरजेंसी में विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए नई ड्यूटी व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत मेडिसिन, अस्थि रोग, सर्जरी और एनेस्थीसिया विभाग के चार-चार सीनियर रेजीडेंट की रोटेशन के आधार पर ड्यूटी लगाई जाएगी। प्रिंसिपल डॉ. दीपक माहेश्वरी ने संबंधित विभागाध्यक्षों को ड्यूटी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, नेत्र रोग और ईएनटी विभाग के सीनियर डॉक्टर 24 घंटे ऑन कॉल रहेंगे, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल इमरजेंसी में पहुंचकर मरीज का उपचार कर सकें।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. मृणाल जोशी ने दीपावली के दौरान लागू विशेष व्यवस्था के बेहतर परिणाम को देखते हुए इसे सामान्य दिनों में भी जारी रखने का सुझाव दिया था। इसके बाद यह नई व्यवस्था लागू की गई है। फिलहाल इमरजेंसी में मेडिसिन के डॉक्टर नियमित ड्यूटी पर रहते हैं, जबकि सर्जरी और एनेस्थीसिया के डॉक्टर ऑन कॉल रहते हैं। नई व्यवस्था से आंख, कान, नाक और गले से जुड़े मरीजों तथा ट्रॉमा में ऐसे मरीजों को राहत मिलेगी, जिन्हें विशेषज्ञ उपचार के लिए चरक भवन भेजना पड़ता था।

Comment List