आंध्रप्रदेश में भीषण सड़क हादसा: अलग-अलग हादसों में 8 लोगों की मौत, बचाव और राहत कार्य जारी
बीटेक छात्रा की मौत व दो घायल
विजयवाड़ा। आंध्र प्रदेश के तीन जिलों में मंगलवार को हुए तीन हादसों में दो दम्पतियों ,एक इंजीनियरिंग छात्रा और दो स्वामी अयप्पा भक्तों समेत आठ लोगों की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी है। सूत्रों ने बताया कि आज विजयनगरम जिले में भोगापुरम के पास सुंदरपेट में राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक सड़क हादसे में एक कार के खड़े टैंकर लॉरी से टकरा जाने से दो दम्पतियों समेत पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि पांच लोगों का एक समूह श्रीकाकुलम जिले के श्रीमुखलिंगम में शिव मंदिर गया था और विशाखापत्तनम जिले में अपने गांव संगीवालासा और मधुरवाड़ा जा रहे थे। उनकी कार पीछे से एक खड़े टैंकर से टकरा गई।
उन्होंने बताया कि हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और एक अन्य ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। मरने वालों की पहचान बोर्रा सतीश, उनकी पत्नी बोर्रा श्रुति, वकालपुडी श्रीनू और उनकी पत्नी वकालपुडी कुसुमा रंजनी और कोंडा सुरीबाबू के तौर पर हुई है। पुलिस ने बताया कि टैंकर चालक ने लॉरी को सड़क किनारे खड़ा किया और शौच के लिए चला गया। पुलिस ने बताया कि जब हादसा हुआ तो कार तेज़ गति में थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए विजयनगरम के जीजीएच में भेज दिया।
मंत्री अनीता, कोंडापल्ली श्रीनिवास, एम प्रसादरेड्डी और नारा लोकेश ने पांच लोगों की मौत पर दुख जताया और दुखी परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को दुखी परिवारों को हर संभव मदद देने का निर्देश दिया। एक और हादसे में एक कार के पलट जाने से अयप्पा स्वामी की दीक्षा लेने वाले दो भक्तों की मौत हो गई। वह पलनाडु जिले के क्रुसुर मंडल के उटुकुरु गांव जा रहे थे। पुलिस सूत्रों ने बताया कि अयप्पा स्वामी के भक्तों का एक समूह मंदिर गया था और अपने गांव लौटते समय उनकी कार पलट गई, जिससे दादी पूर्णचंद्र (50) और दद्दूबती श्रीनिवास राव (48) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में दो और भक्त घायल हो गए।
पुलिस ने मामला दर्ज कर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए नरसारावपेट के जीजीएच में भेज दिया। तिरुपति में गरुड़ वरधी पुल पर एक दुपहिया वाहन के सड़क डिवाइडर से टकरा जाने से एक इंजीनियरिंग छात्रा की मौत हो गई और दो छात्राएं घायल हो गई। मृतक छात्रा की पहचान किरणमई (20) के रूप में हुई है और वह श्रीराम इंजीनियरिंग कॉलेज में बीटेक की पढ़ाई कर रही थी। हादसे में दो छात्राएं घायल हो गईं और उन्हें रुइया अस्पताल में भर्ती कराया गया। एसआई रामा स्वामी ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जीजीएच में भेज दिया।

Comment List