जिला प्रमुख-प्रधान के चुनाव में निर्वाचन आयोग ने बदली मतदान प्रक्रिया, अब सदस्य और मतपत्र का नहीं जुड़ सकेगा कोई रिश्ता

मतपत्रों की रैंडम व्यवस्था से क्रॉस वोटिंग पकड़ना होगा मुश्किल

जिला प्रमुख-प्रधान के चुनाव में निर्वाचन आयोग ने बदली मतदान प्रक्रिया, अब सदस्य और मतपत्र का नहीं जुड़ सकेगा कोई रिश्ता
राजस्थान में जिला प्रमुख, उप जिला प्रमुख, प्रधान और उप प्रधान के चुनाव में इस बार राजनीतिक दलों के लिए क्रॉस वोटिंग करने वाले सदस्यों की पहचान करना आसान नहीं होगा। राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदान प्रक्रिया में बदलाव करते हुए मतपत्रों के वितरण की व्यवस्था को पूरी तरह बदल दिया है।

जयपुर। राजस्थान में जिला प्रमुख, उप जिला प्रमुख, प्रधान और उप प्रधान के चुनाव में इस बार राजनीतिक दलों के लिए क्रॉस वोटिंग करने वाले सदस्यों की पहचान करना आसान नहीं होगा। राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदान प्रक्रिया में बदलाव करते हुए मतपत्रों के वितरण की व्यवस्था को पूरी तरह बदल दिया है। अब सदस्यों को क्रमवार मतपत्र देने के बजाय रेंडम आधार पर मतपत्र आवंटित किए जाएंगे। इससे यह पता लगाना मुश्किल होगा कि किस सदस्य को कौनसा मतपत्र दिया गया था और उसने किस प्रत्याशी के पक्ष में मतदान किया। दरअसल, निकाय चुनावों में अब तक क्रमवार मतपत्र दिए जाने के कारण राजनीतिक दलों को क्रॉस वोटिंग का अंदाजा लगाने की गुंजाइश रहती थी। मतपत्रों के क्रम और उनकी पहचान के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश की जाती थी कि किस सदस्य ने पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के बजाय दूसरे उम्मीदवार को वोट दिया है।

लेकिन इस बार निर्वाचन आयोग ने इस संभावना को खत्म करने के लिए नई व्यवस्था लागू की है। रेंडम आधार पर मतपत्र दिए जाने से किसी मतपत्र को किसी खास सदस्य से जोड़कर देखना मुश्किल होगा। नई प्रक्रिया के तहत मतदान शुरू होने से पहले रिटर्निंग अधिकारी सभी मतपत्रों पर अपने हस्ताक्षर और मुहर लगाएंगे। इसके बाद सभी मतपत्रों को एक बाल्टी या डिब्बे में डाल दिया जाएगा। इसी पात्र में से बिना खोले रेंडम आधार पर सदस्यों को मतपत्र दिए जाएंगे। इस व्यवस्था का उद्देश्य मतपत्रों की गोपनीयता बनाए रखना और मतदान के बाद किसी सदस्य की वोटिंग की पहचान की संभावना को समाप्त करना है।

मतदान की गोपनीयता तोड़ी तो वोट होगा रद्द निर्वाचन आयोग ने मतदान की गोपनीयता को लेकर भी सख्त प्रावधान किए हैं। यदि कोई सदस्य मतदान के दौरान अपनी वोटिंग की गोपनीयता भंग करता है या मतपत्र के माध्यम से यह जाहिर करता है कि उसने किस प्रत्याशी को वोट दिया है, तो उसका मतपत्र रद्द किया जा सकेगा। यानी सदस्य को मतदान के दौरान गोपनीयता के नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा। हाइब्रिड मॉडल नहीं, केवल निर्वाचित सदस्य ही लड़ सकेंगे चुनाव जिला प्रमुख और प्रधान के चुनाव में इस बार हाइब्रिड मॉडल लागू नहीं होगा। अध्यक्षीय पदों के लिए केवल निर्वाचित सदस्य ही चुनाव लड़ सकेंगे। इससे जिला परिषद और पंचायत समिति के निर्वाचित सदस्यों के बीच ही जिला प्रमुख और प्रधान पद के लिए मुकाबला होगा।

दिव्यांग सदस्यों को मिलेगी मतदान में मदद मतदान प्रक्रिया में दृष्टिबाधित और शारीरिक रूप से अक्षम सदस्यों की सुविधा का भी ध्यान रखा गया है। ऐसे सदस्यों को मतदान के दौरान आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वे बिना किसी परेशानी के अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकें।वीडियोग्राफी और सीसीटीवी से रहेगी नजर पूरी मतदान प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए मतदान के साथ मतगणना की भी वीडियोग्राफी कराई जाएगी। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों से भी पूरी प्रक्रिया पर नजर रखी जाएगी। आयोग की इस व्यवस्था से चुनाव प्रक्रिया की निगरानी और किसी भी विवाद की स्थिति में रिकॉर्डिंग के आधार पर जांच करना संभव होगा। कुल मिलाकर, राज्य निर्वाचन आयोग की नई व्यवस्था से राजनीतिक दलों के लिए क्रॉस वोटिंग करने वाले सदस्यों की पहचान करना पहले के मुकाबले कहीं अधिक चुनौतीपूर्ण होगा। अब दलों को केवल चुनावी नतीजों के आधार पर ही अपनी रणनीति और सदस्यों के मतदान व्यवहार का आकलन करना पड़ेगा।

Read More रंगोली, सम्मान और स्वच्छता का संदेश... विश्व शौचालय दिवस पर जयपुर में विशेष अभियान, सार्वजनिक शौचालयों की सफाई

Post Comment

Comment List

Latest News

असर खबर का : स्टेट हाईवे-70 से हटाया मिट्टी का ढेर असर खबर का : स्टेट हाईवे-70 से हटाया मिट्टी का ढेर
दैनिक नवज्योति में खबर प्रकाशित होने के बाद हरकत में आया प्रशासन।
कल 37 जिला परिषदों को मिलेंगे नए प्रमुख, 23 में कांग्रेस का दबदबा; भाजपा पांच में सिमटी
जापान में बुलेट ट्रेन से सफर के दौरान कर्नाटक के सीएम शिवकुमार ने कन्नड़ प्रवासियों से की मुलाकात
जिला प्रमुख-प्रधान के चुनाव में निर्वाचन आयोग ने बदली मतदान प्रक्रिया, अब सदस्य और मतपत्र का नहीं जुड़ सकेगा कोई रिश्ता
"जेवर एयरपोर्ट" का नाम पीएम के नाम: कांग्रेस के निशाने पर केंद्र सरकार, नेहरू की विरासत को लेकर बोले जयराम
हनुमान बेनीवाल का आरोप : राजस्थान के सरकारी अस्पतालों में मेडिकल उपकरण रखरखाव में 762 करोड़ का कथित फर्जीवाड़ा
कोटा में सरकारी स्कूल की छत गिरने पर जूली का हमला, भाजपा सरकार पर लापरवाही का आरोप