असर खबर का : स्टेट हाईवे-70 से हटाया मिट्टी का ढेर
हादसों का बना हुआ था खतरा
बूढ़ादीत। ग्राम पंचायत बड़ौद के पास स्टेट हाईवे-70 के किनारे जमा मिट्टी के ढेर से हादसों की आशंका को लेकर दैनिक नवज्योति में खबर प्रकाशित होने के बाद सार्वजनिक निर्माण विभाग हरकत में आया। समाचार को गंभीरता से लेते हुए विभाग के अधिकारियों ने ठेकेदार को मिट्टी हटाने के निर्देश दिए। इसके बाद ठेकेदार ने सड़क किनारे पड़ी मिट्टी को एक तरफ हटवा दिया। इससे सड़क पर आवागमन सुचारू होने के साथ ही वाहन चालकों और राहगीरों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार बूढ़ादीत थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत बड़ौद के पास स्टेट हाईवे-70 पर पीडब्ल्यूडी की ओर से नाला निर्माण का कार्य करवाया जा रहा है। निर्माण के दौरान खुदाई से निकली मिट्टी को ठेकेदार ने सड़क किनारे ही डाल दिया था। मिट्टी के ढेर के कारण सड़क की चौड़ाई कम हो गई थी, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। साथ ही हर समय दुर्घटना का खतरा बना हुआ था।
अधिशासी अभियंता के निर्देश पर हुई कार्रवाई
समस्या को लेकर दैनिक नवज्योति में समाचार प्रकाशित होने के बाद पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता गोविंद मिश्रा ने मामले का संज्ञान लिया। उनके निर्देश पर ठेकेदार ने सड़क किनारे जमा मिट्टी को हटवाकर एक तरफ कर दिया। इससे हाईवे पर आवागमन की स्थिति में सुधार हुआ और संभावित हादसों का खतरा भी कम हुआ।

Comment List