RUHS प्रबंध मंडल चुनाव में डॉ. धर्मेंद्र वशिष्ठ ने सर्वाधिक मतों से दर्ज की जीत, डॉ. चंदेल भी हुए निर्वाचित
विश्वविद्यालय प्रशासन और चिकित्सा जगत ने दी बधाई
जयपुर। राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के प्रबंध मंडल यानी बोर्ड ऑफ मैनेजमेंटके सदस्यों के चयन के लिए हुए चुनाव के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। चुनाव में आर यू एच एस कॉलेज ऑफ डेंटल साइंसेज के उपाधीक्षक डॉ. धर्मेंद्र कुमार वशिष्ठ ने सर्वाधिक मत हासिल कर जीत दर्ज की। वहीं RUHS मेडिकल कॉलेज के उपाधीक्षक डॉ. चंद्रजीत सिंह चंदेल दूसरे स्थान पर रहे और वे भी प्रबंध मंडल के सदस्य निर्वाचित हुए। विश्वविद्यालय के नियमानुसार दोनों नवनिर्वाचित सदस्यों का कार्यकाल तीन वर्ष का होगा।
डॉ. वशिष्ठ वर्तमान में RUHS कॉलेज ऑफ डेंटल साइंसेज में उपाधीक्षक के पद पर सेवाएं दे रहे हैं, जबकि डॉ. चंदेल RUHS मेडिकल कॉलेज में उपाधीक्षक हैं। दोनों चिकित्सकों के प्रबंध मंडल में निर्वाचित होने पर विश्वविद्यालय प्रशासन, संकाय सदस्यों और चिकित्सा जगत में खुशी का माहौल है। विश्वविद्यालय से जुड़े लोगों ने दोनों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि उनके प्रशासनिक अनुभव और विशेषज्ञता से विश्वविद्यालय के विकास, प्रशासनिक व्यवस्था तथा चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता को और मजबूती मिलेगी।

Comment List