सुरक्षित मातृत्व अभियान : हाई रिस्क गर्भवतियों की सघन जांच, किशोरियों को लगी HPV वैक्सीन
मां और शिशु के बेहतर स्वास्थ्य के लिए स्वास्थ्य विभाग की पहल
जयपुर। सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत जयपुर प्रथम जिले के विभिन्न राजकीय स्वास्थ्य संस्थानों में गर्भवती महिलाओं की सघन प्रसव पूर्व स्वास्थ्य जांच की गई। अभियान के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों ने गर्भवतियों की जांच कर हाई रिस्क प्रेग्नेंसी की समय रहते पहचान की और आवश्यक उपचार, चिकित्सकीय परामर्श एवं फॉलोअप सुनिश्चित किया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
अभियान के दौरान हाई रिस्क श्रेणी में चिन्हित गर्भवतियों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उपचार एवं परामर्श दिया गया, ताकि गर्भावस्था के दौरान संभावित जटिलताओं को समय रहते रोका जा सके और मां-बच्चे के स्वास्थ्य की बेहतर देखभाल सुनिश्चित हो। अभियान के दौरान 14-15 वर्ष आयुवर्ग की किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन भी लगाई गई। वहीं, एनीमिया से पीड़ित गर्भवती महिलाओं को फेरिक कार्बोक्सीमाल्टोज के इंजेक्शन लगाए गए। इसके जरिए गर्भवतियों में आयरन की कमी दूर करने और रक्ताल्पता के उपचार में मदद मिलेगी। डॉ. शेखावत ने कहा कि गर्भावस्था के दौरान नियमित जांच और समय पर चिकित्सकीय परामर्श बेहद जरूरी है।

Comment List