होम्योपैथी में शोध की गुणवत्ता और वैज्ञानिक प्रमाणों पर ध्यान दें संस्थान : राष्ट्रपति मुर्मु
विकसित भारत 2047 के लक्ष्य में योगदान देने का दिया संदेश
नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने होम्योपैथी में शोध की गुणवत्ता और वैज्ञानिक प्रमाणों को मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा है कि होम्योपैथी की विश्वसनीयता और शैक्षणिक पहचान इस बात पर निर्भर करेगी कि उसके शोध कितने वैज्ञानिक और चिकित्सकीय प्रमाणों पर आधारित हैं। उन्होंने शोध संस्थानों, मेडिकल कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और पेशेवर संगठनों से मिलकर मजबूत शोध संस्कृति विकसित करने का आह्वान किया। राष्ट्रपति ने बुधवार को ओडिशा के भुवनेश्वर में राष्ट्रीय होम्योपैथी वैज्ञानिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि होम्योपैथी देश में विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। देश में शैक्षणिक संस्थानों, स्वास्थ्य केंद्रों और जनस्वास्थ्य नेटवर्क के माध्यम से इसकी पहुंच बढ़ी है।
मुर्मु ने कहा कि होम्योपैथी के विकास के साथ वैज्ञानिक जांच, शैक्षणिक उत्कृष्टता और पेशेवर जवाबदेही के प्रति प्रतिबद्धता भी जरूरी है। शोध के लिए सही पद्धति, उचित रूप से तैयार किए गए चिकित्सकीय अध्ययन, व्यवस्थित दस्तावेजीकरण और पारदर्शी रिपोर्टिंग होनी चाहिए। उन्होंने विभिन्न केंद्रों पर एक साथ शोध, व्यवस्थित समीक्षा, दवाओं से जुड़े अध्ययन और विश्वसनीय चिकित्सकीय आंकड़ों का संग्रह विकसित करने की जरूरत भी बताई।
उन्होंने कहा कि शोध की सीमाओं को स्वीकार करना, प्रतिकूल नतीजों को भी सामने रखना और निष्कर्षों को वैज्ञानिक प्रमाणों के आधार पर तय करना उतना ही महत्वपूर्ण है। राष्ट्रपति ने युवा होम्योपैथी चिकित्सकों से सवाल पूछने और लगातार सीखते रहने की आदत विकसित करने को कहा। उन्होंने कहा कि चिकित्सा पेशे में शैक्षणिक योग्यता के साथ अनुशासन, वैज्ञानिक सोच, ईमानदारी, संवेदनशीलता और जीवनभर सीखने की प्रतिबद्धता भी जरूरी है।
राष्ट्रपति ने कहा कि हर मरीज की उम्मीदें, आशंकाएं और गरिमा होती है। इसलिए चिकित्सकों को मरीजों के प्रति संवेदनशील रहना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि यह सम्मेलन वैज्ञानिक संवाद को बढ़ावा देने, संस्थानों के बीच सहयोग मजबूत करने और सक्षम, नैतिक तथा सामाजिक रूप से जिम्मेदार स्वास्थ्य पेशेवरों की नई पीढ़ी तैयार करने में मददगार होगा। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की दिशा में स्वास्थ्य और शिक्षा देश के दो महत्वपूर्ण आधार बने रहेंगे। ऐसे में संस्थानों, शोधकर्ताओं, शिक्षकों और स्वास्थ्य पेशेवरों को सुलभ, समान और वैज्ञानिक रूप से जिम्मेदार स्वास्थ्य व्यवस्था बनाने में योगदान देना चाहिए।

Comment List