जानें कैसे मोबाइल चैट और CCTV फुटेज ने खोली लश्कर कमांडर की पोल? कुलगाम में सुरक्षा बलों ने किया ढेर

आखिरी स्थानीय आतंकी का सफाया

जानें कैसे मोबाइल चैट और CCTV फुटेज ने खोली लश्कर कमांडर की पोल? कुलगाम में सुरक्षा बलों ने किया ढेर
सीआरपीएफ नाके पर 11 नवंबर को हुए हमले के बाद बरामद एक मोबाइल फोन कश्मीर में लश्कर-ए-तैयबा के आखिरी सक्रिय कमांडर मोहम्मद लतीफ भट की तलाश में निर्णायक सुराग साबित हुआ। तकनीकी निगरानी, सीसीटीवी विश्लेषण और एक सप्ताह चले तलाशी अभियान के बाद बुधवार को कुलगाम के जंगलपोरा में सुरक्षा बलों ने भट को मुठभेड़ में मार गिराया।

श्रीनगर। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के नाके पर हुए आतंकवादी हमले के बाद 11 नवंबर को बरामद किया गया एक मोबाइल फोन लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) शीर्ष कमांडार मोहम्मद लतीफ भट की तलाश में निर्णायक सुराग साबित हुआ। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में बुधवार को हुई मुठभेड़ में उसके मारे जाने के साथ ही एक सप्ताह तक चले खुफिया जानकारी आधारित अभियान समाप्त हो गया। कश्मीर में भट (22) एलईटी का आखिरी सक्रिय आंतकवादी था।

भट के हाथ से गिरे इस फोन में उसके मददगारों (ओजीडब्ल्यू) के नेटवर्क के बारे में चैट और जानकारी मौजूद थी, जिससे जांचकर्ताओं को उसके सहयोगियों, आवाजाही और साजो-सामान संबंधी मदद के बारे में शुरुआती सुराग मिले हैं। एक अधिकारी ने कहा, सफलता की शुरुआत मोबाइल फोन से हुई। इसमें उसके ओजीडब्ल्यू नेटवर्क के बारे में चैट और विवरण थे। इसके बाद, उसकी आवाजाही के तरीकों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की गई। इसके बाद उसके नेटवर्क का खाका तैयार करने, संदिग्ध सहयोगियों की पहचान करने और विशेष रूप से दक्षिण कश्मीर में संभावित ठिकानों को चिह्नित करने के लिए तकनीकी निगरानी, डिजिटल विश्लेषण और मानवीय खुफिया जानकारी को एक साथ जोड़ा गया।

जांचकर्ताओं ने कई महीनों से एकत्र किए गए सीसीटीवी फुटेज का भी विश्लेषण किया, जिससे उसकी आवाजाही के तरीकों, रास्तों और उन स्थानों का पता लगाने में मदद मिली, जहां उसे पनाह और मदद मिलती थी। अधिकारी ने बताया कि भट एक बड़े बोरे में अपना हथियार छिपाकर ले जाने के लिए जाना जाता था और निगरानी संबंधी जानकारियों तथा जमीनी खुफिया सूचनाओं के तालमेल से उस पर नजर रखी गई। सूत्रों ने बताया कि पिछले एक सप्ताह में तलाश के दौरान सुरक्षा बलों ने विभिन्न स्थानों पर 100 से अधिक घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाए, जबकि कई संदिग्ध ओजीडब्ल्यू से पूछताछ की गई और उन्हें हिरासत में लिया गया। 

मोबाइल फोन के विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से उसके पांच से छह करीबी सहयोगियों की पहचान की गई, जो उसे एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाने में शामिल थे। लारू क्षेत्र से एक महत्वपूर्ण सुराग मिला, जहां माना जाता था कि भट ने संपर्क स्थापित किए थे। सोमवार की मुठभेड़ के दौरान उसका सहयोगी उमर निसार डार मारा गया, जबकि भट भागने में सफल रहा, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने निगरानी और तलाशी अभियान तेज कर दिया।

Read More डिलीवरी की कमाई से कटेगा एक प्रतिशत : खाते में जमा होगी रकम, राहुल गांधी ने लॉन्च की योजना

यह तलाश अंततः कुलगाम के जंगलपोरा स्थित एक मस्जिद तक पहुंची, जहां बुधवार के अभियान के दौरान भट का पता लगाया गया। खुफिया जानकारी से संकेत मिला था कि वह धार्मिक स्थलों का उपयोग अस्थायी पनाहगाह के रूप में कर रहा था, इसलिए सुरक्षा बलों ने रात के दौरान आठ मस्जिदों की तलाशी ली। सूत्रों ने बताया कि जब इमाम ने दरवाजा खटखटाया तो भट ने मस्जिद के अंदर अपनी मौजूदगी स्वीकार की, लेकिन बार-बार अपील करने के बावजूद उसने आत्मसमर्पण करने से इनकार कर दिया।

Read More बंगाल की खाड़ी में उठेगा चक्रवाती तूफान 'अक्वान', तमिलनाडु-आंध्र प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट

सुरक्षा बलों ने मस्जिद को किसी भी तरह के नुकसान से बचाने के लिए संयम बरतते हुए धार्मिक मध्यस्थों के माध्यम से उसे आत्मसमर्पण के लिए मनाने के कई प्रयास किए। कुलगाम के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अनायत अली चौधरी ने कहा कि सुरक्षा बलों ने अभियान के दौरान काफी संयम का परिचय दिया, धार्मिक स्थल की पवित्रता सुनिश्चित की और आतंकवादी को मस्जिद परिसर से बाहर निकलने के लिए मजबूर करने के बाद उसे मार गिराया।

Read More राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में कांग्रेस ने योगी सरकार को घेरा, जांच को सीमित कर जिम्मेदार लोगों को बचाने का लगाया आरोप

सूत्रों के अनुसार, उसे बाहर निकालने के लिए आंसू गैस के गोलों का इस्तेमाल किया गया। सुबह करीब 8:30 बजे भट मस्जिद से बाहर निकला, सड़क और एक छोटे पुल को पार किया और उसने सुरक्षाकर्मियों पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी गोलीबारी में मारे जाने से पहले वह लगभग 50 मीटर तक दौड़ा। उसके पास चार मैगजीन के साथ एक एके-47 राइफल और एक ग्रेनेड मिला था। पुलिस ने बताया था कि कुलगाम के ख्रेवन चादर गांव का निवासी भट नवंबर 2025 में आतंकवादी संगठन में शामिल हुआ था और दक्षिण कश्मीर में कई हमलों में शामिल था। अधिकारियों ने कहा कि यह अभियान महज एक आकस्मिक मुठभेड़ के बजाय निरंतर खुफिया जानकारी जुटाने, डिजिटल निगरानी और जमीनी स्तर पर चलाए गए तलाशी अभियानों का नतीजा है।

Post Comment

Comment List

Latest News

सिक्योरिटी गार्ड ने किया सुसाइड : पेड़ पर फंदे से लटका मिला शव, जानें पूरा मामला सिक्योरिटी गार्ड ने किया सुसाइड : पेड़ पर फंदे से लटका मिला शव, जानें पूरा मामला
पुलिस ने बताया- प्रमोद (50) निवासी भवानी नगर सीकर रोड सिक्योरिटी गार्ड था। प्रमोद शराब पीने का आदी था। बुधवार...
राजस्थान विश्वविद्यालय में डीएससी-डी.लिट. प्रवेश के आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी, 30 नवंबर तक जमा होगा शुल्क
लोकमंथन-2026 : सीएम भजनलाल शर्मा ने स्वागत समिति की बैठक में की तैयारियों की समीक्षा, बोले- राजस्थान की धरा पर आयोजन होना गौरव और सौभाग्य की बात
जल संसाधन विभाग में पांच कनिष्ठ अभियंताओं की नियुक्ति निरस्त, कार्यग्रहण के लिए समय बढ़ाने के बावजूद नहीं पहुंचे अभ्यर्थी
जानें कैसे मोबाइल चैट और CCTV फुटेज ने खोली लश्कर कमांडर की पोल? कुलगाम में सुरक्षा बलों ने किया ढेर
टीकाकरण से लेकर एनसीडी स्क्रीनिंग तक की सीएमएचओ ने की समीक्षा, हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की निगरानी 
जयपुर में एएमआर जागरूकता सप्ताह शुरू, एंटीबायोटिक के गलत इस्तेमाल पर जताई चिंता