गंगासागर तक पहुंचेगी रेल: 34 किमी लंबी नई लाइन को मंजूरी, हुगली नदी पर बनेगा 4.5 किमी लंबा रेलवे पुल
काकद्वीप-गंगासागर के बीच होगा रेल संपर्क
जयपुर। भारतीय रेलवे ने पश्चिम बंगाल में काकद्वीप से गंगासागर के बीच नई रेल लाइन के लिए अंतिम स्थान सर्वेक्षण (एफएलएस) को मंजूरी दे दी है। करीब 34 किलोमीटर लंबी इस रेल परियोजना से देश के प्रमुख तीर्थस्थल गंगासागर तक रेल कनेक्टिविटी का विस्तार होगा। परियोजना में हुगली नदी पर लगभग 4.5 किलोमीटर लंबा रेलवे पुल भी बनाया जाएगा। इसके पूरा होने पर यह देश के सबसे लंबे रेलवे पुलों में शामिल हो सकता है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इस रेल लाइन से गंगासागर तक पहुंचना आसान होगा। इससे तीर्थयात्रियों, स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही पर्यटन, स्थानीय अर्थव्यवस्था और क्षेत्रीय विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
पश्चिम बंगाल के सागर द्वीप पर स्थित गंगासागर में हर साल मकर संक्रांति पर लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। यहां गंगा और बंगाल की खाड़ी का संगम होने के साथ कपिल मुनि मंदिर भी प्रमुख धार्मिक स्थल है। वर्तमान में गंगासागर पहुंचने के लिए मुरीगंगा नदी को नौका से पार करना पड़ता है और इसके बाद सड़क मार्ग से यात्रा करनी होती है। रेलवे के अनुसार, उत्तराखंड में ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के साथ गंगासागर रेल लाइन भी धार्मिक स्थलों की कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

Comment List