रामबाग पैलेस में हुआ समारोह, बच्चों को स्कूल से संगीत सिखाने पर जोर, अतिथियों ने स्व.केसी मालू को किया याद
वीणा म्यूजिक समूह के मोबाइल ऐप का लोकार्पण
जयपुर। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने रविवार को रामबाग पैलेस के महारानी महल में वीणा म्यूजिक समूह के मोबाइल ऐप का लोकार्पण किया। हेमजीत मालू ने पुष्प भेंटकर राज्यपाल का स्वागत किया। यह ऐप स्व. केसी मालू के सपने को साकार करने की दिशा में राजस्थानी लोक संगीत को डिजिटल मंच देने का प्रयास है। राज्यपाल ने आयोजकों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राजस्थान की लोक संस्कृति और संगीत के उन्नयन के लिए यह प्रयास सुखद है। चार दशकों की इस यात्रा में लोक संगीत, नृत्य और वादन परंपरा को सहेजने के लिए किए गए प्रयास स्तुत्य हैं।
उन्होंने कहा कि सबसे अच्छी बात यह है कि लोक संगीत को बढ़ावा देने के साथ लोक कलाकारों को मंच भी दिया जा रहा है। राज्यपाल के अनुसार, उन्हें बताया गया कि ऐप में पारंपरिक लोक कलाकारों की आर्थिक सहायता और कार्यक्रमों के अवसर देने के लिए विशेष सुविधाएं रखी गई हैं। इसी कारण उन्होंने समारोह में आने की स्वीकृति दी। बागडे ने कहा कि हर घर में माता-पिता को संगीत नहीं आता, लेकिन बच्चों में गुनगुनाने की स्वाभाविक आदत होती है। यदि बचपन से और स्कूल स्तर पर गाना व वाद्य सिखाया जाए, तो बच्चे अच्छे गायक और कलाकार बन सकते हैं। हेमजीत मालू ने बताया कि ऐप में नवोदित गायक अपने गाने रिकॉर्ड कर अपलोड कर सकेंगे।

Comment List