दिल्ली में अगले 6 दिन सांस लेना होगा मुश्किल: बेहद खराब श्रेणी में पहुंचेगी हवा, बच्चों-बुजुर्गों को सतर्क रहने की सलाह
रविवार को मामूली गिरावट के बावजूद 'खराब' श्रेणी में बनी रही वायु गुणवत्ता
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में प्रदूषण से राहत मिलने की उम्मीद फिलहाल कम है। पिछले सात दिनों से खराब श्रेणी में बनी हवा अगले छह दिनों में बेहद खराब स्तर पर पहुंच सकती है। शनिवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 265 दर्ज किया गया। हालांकि, पिछले तीन दिनों में प्रदूषण के स्तर में मामूली गिरावट आई है। निगरानी केंद्रों के अनुसार, दिल्ली के 56 स्टेशनों में से 32 पर हवा खराब और 16 पर बेहद खराब श्रेणी में रही। दिल्ली तकनीकी विश्वविद्यालय में सर्वाधिक 362 एक्यूआई दर्ज हुआ, जबकि दिल्ली छावनी में यह 80 रहा।
प्रदूषण का सबसे बड़ा कारण वाहनों से निकलने वाला धुआं है, जिसका पीएम2.5 में योगदान 33.1 प्रतिशत रहा। पूर्वानुमान के मुताबिक, रविवार को भी हवा खराब रहेगी और इसके बाद स्थिति बिगड़ सकती है। विशेषज्ञों ने बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने, अनावश्यक बाहर निकलने से बचने और जरूरत पड़ने पर मास्क लगाने की सलाह दी है।

Comment List