‘ढिंढोरा-2’ में हंसी के साथ आंसू भी : 38 दिन में शूटिंग, 15 मिनट में बदलता था भुवन का रूप
टीम ने दैनिक नवज्योति से बातचीत की
जयपुर। भुवन बाम की वेब सीरीज 'ढिंढोरा' का दूसरा सीजन नेटफ्लिक्स पर आ गया। शनिवार को जयपुर के मैरियट होटल में टीम ने दैनिक नवज्योति से बातचीत की। पहला सीजन यूट्यूब पर आया था, अब पांच साल बाद सीरीज बड़े मंच पर लौटी है।
अभिनेत्री संजीदा शेख ने कहा कि शूटिंग ऐसी है कि सीरीज फिल्म जैसी लगती है और गाने भी अच्छे हैं। उन्होंने बताया कि पहले सीजन में सिर्फ हास्य था, इस बार हर किरदार की पहचान मजबूत है और भावनात्मक पक्ष भी ऊंचा है। भुवन इतने किरदार निभाते हैं कि शूटिंग में कभी नहीं लगा कि वह एक ही इंसान हैं। भुवन के साथ रेलवे पटरी का भावुक दृश्य उनके लिए खास रहा, जिसे सिर्फ दो घंटे में पूरा करना था।
निर्देशक स्नेहा शेट्टी कोहली ने बताया कि पूरी सीरीज पंजाब में फिल्माई गई है, जिसमें रंग, नाच और व्यावसायिक मसाले हैं। पहली बार टीटू मामा नाचते और लड़ते दिखेंगे। रोहित शेट्टी के साथ लंबे समय तक सहायक निर्देशक रहीं स्नेहा ने कहा कि कहानी के साथ दर्शकों से भावनात्मक जुड़ाव जरूरी है। दर्शक हंसेंगे भी और रोएंगे भी। जयपुर में शूटिंग के सवाल पर उन्होंने कहा कि योजना जरूर बनेगी और लेखन जारी है।
भुवन बाम ने बताया कि दिवाली तक सीरीज देनी थी, इसलिए सिर्फ 38 दिन मिले। शूटिंग मुंबई और पंजाब में हुई। एक किरदार से दूसरे में जाने को 15 मिनट मिलते थे, जबकि पहले सीजन में 40 मिनट लगते थे। चेहरे पर गोंद की परतें चार से घटाकर दो की गईं। भुवन ने कहा कि यह उनका पहला लंबा प्रोजेक्ट था। दर्शकों की प्रतिक्रिया से वे संतुष्ट हैं।

Comment List