रेलवे का बदलाव, RAC टिकट का दशकों पुराना सिस्टम हो सकता है बंद
रेलवे की RAC व्यवस्था पर उठे सवाल
नई दिल्ली। ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों के लिए RAC टिकट की व्यवस्था में बड़ा बदलाव हो सकता है। भारतीय रेलवे दशकों पुरानी इस सुविधा को खत्म करने या इसमें बदलाव करने पर विचार कर रहा है। इसकी प्रमुख वजह RAC टिकट पर पूरा किराया वसूलने के बावजूद यात्रियों को पूरी बर्थ नहीं मिलना है। इस व्यवस्था को लेकर संसदीय समिति भी सवाल उठा चुकी है। दरअसल, RAC (रिजर्वेशन अगेंस्ट कैंसिलेशन) टिकट वाले यात्रियों को ट्रेन के आरक्षित कोच में सफर करने की अनुमति होती है, लेकिन उन्हें पूरी बर्थ के बजाय एक साइड-लोअर बर्थ साझा करनी पड़ती है। यानी दो यात्रियों को बैठने और सोने के लिए एक ही बर्थ पर निर्भर रहना पड़ता है। इसके बावजूद दोनों से कन्फर्म टिकट के बराबर किराया लिया जाता है।
सूत्रों के मुताबिक, रेलवे मंत्रालय इस व्यवस्था की समीक्षा कर रहा है। संसदीय समिति ने भी सिफारिश की है कि जब यात्रियों को अलग-अलग पूरी बर्थ उपलब्ध नहीं कराई जाती, तो उनसे पूरा किराया वसूलने के नियम पर पुनर्विचार होना चाहिए। समिति की इस टिप्पणी के बाद RAC व्यवस्था में बदलाव की संभावनाओं को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
RAC की शुरुआत उस दौर में हुई थी, जब रेलवे का आरक्षण सिस्टम मैनुअल तरीके से संचालित होता था। टिकट रद्द होने के बाद खाली होने वाली बर्थ का तत्काल पता लगाना मुश्किल था। ऐसे में खाली बर्थ का बेहतर इस्तेमाल करने और अधिक यात्रियों को सफर का मौका देने के लिए यह व्यवस्था शुरू की गई। अब रेलवे का आरक्षण सिस्टम पूरी तरह कंप्यूटराइज्ड हो चुका है। टिकट रद्द होने और खाली बर्थ की जानकारी आसानी से मिल जाती है। ऐसे में पुरानी RAC व्यवस्था की प्रासंगिकता पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, फिलहाल इसे खत्म करने को लेकर कोई आधिकारिक फैसला सामने नहीं आया है।

Comment List