यूएई जाने से पहले पर्याप्त चिकित्सा बीमा जरूर करवाएं, अचानक बीमारी या मेडिकल इमरजेंसी में भारी खर्च से बचाएगा बीमा
18 नवंबर 2026 को जारी परामर्श
जयपुर। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की यात्रा करने अथवा वहां रहने वाले भारतीय नागरिकों को अचानक बीमारी या चिकित्सा आपात स्थिति में भारी खर्च से बचाने के लिए राजस्थान पुलिस की राज्य विशेष शाखा ने महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। इसमें यूएई जाने वाले भारतीय नागरिकों को यात्रा शुरू करने से पहले पर्याप्त और उपयुक्त चिकित्सा बीमा करवाने की सलाह दी गई है। साथ ही यूएई में पहले से रह रहे भारतीयों को भी अपने मौजूदा चिकित्सा बीमा की शर्तों और कवरेज की जांच करने के लिए कहा गया है।राज्य विशेष शाखा की ओर से 18 नवंबर 2026 को जारी परामर्श के अनुसार, भारतीय दूतावास तथा अबू धाबी, दुबई और उत्तरी अमीरात स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावासों के सामने ऐसे मामले आए हैं, जिनमें भारतीय नागरिकों को अप्रत्याशित बीमारी अथवा चिकित्सा आपात स्थिति का सामना करना पड़ा। पर्याप्त बीमा कवर नहीं होने के कारण उन्हें भारी चिकित्सा बिलों का भुगतान करना पड़ा, जो कई बार संबंधित व्यक्ति या उसके परिवार की आर्थिक क्षमता से बाहर हो गए।
यात्रा से पहले पर्याप्त बीमा लेना जरूरी एडवाइजरी में यूएई की यात्रा अथवा पर्यटन के लिए जाने वाले सभी भारतीय नागरिकों को यात्रा शुरू करने से पहले पर्याप्त और उचित चिकित्सा बीमा लेने की सलाह दी गई है। बीमा मंस अचानक चिकित्सा आपात स्थिति में उपचार पर होने वाला खर्च तथा भारत में चिकित्सा प्रत्यावर्तन (मेडिकल रिपैट्रिएशन) की लागत सहित कैशलेस सुविधाएं भी शामिल होनी चाहिए।यूएई में रह रहे भारतीय भी जांचें अपना बीमा कवर रोजगार वीजा अथवा आश्रित (डिपेंडेंट) के रूप में यूएई में रहने वाले भारतीय नागरिकों को भी यह सुनिश्चित करने की सलाह दी गई है कि उनका चिकित्सा बीमा यूएई में होने वाले सभी चिकित्सा खर्चों और भारत में चिकित्सा प्रत्यावर्तन की लागत को कवर करने के लिए पर्याप्त है।राजस्थान पुलिस की राज्य विशेष शाखा ने इस परामर्श को आमजन तक पहुंचाने की अपील की है, ताकि यूएई की यात्रा करने वाले और वहां निवास कर रहे भारतीय नागरिक समय रहते चिकित्सा बीमा संबंधी सावधानियां बरत सकें तथा किसी अप्रत्याशित चिकित्सा आपात स्थिति में आर्थिक परेशानी से बच सकें।

Comment List