बोलेरो कैंपर ने पैदल जातरुओं को कुचला, तीनों की मौत
तेना-नाथासर से रामदेवरा जा रहे थे पांच जातरू
जोधपुर। शेरगढ़ के भूंगरा मेगा हाईवे पर तेज रफ्तार बोलेरो कैंपर ने पैदल रामदेवरा जा रहे जातरुओं को कुचल दिया। हादसे में तीन जातरुओं की मौत हो गई। पांच लोग तेना-नाथासर गांव से रात करीब 10 बजे बाबा रामदेव के दर्शन के लिए पैदल निकले थे। हाईवे पर पहुंचने के बाद कैंपर ने तीन जने को चपेट में ले लिया।
हादसे की सूचना पर स्थानीय निवासी बिशन सिंह मौके पर पहुंचे और घायलों को शेरगढ़ अस्पताल पहुंचाया। वहां, डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान नाथासर निवासी महेश पुत्र चंद्राराम, अंबाराम पुत्र कुंभाराम और भानाराम पुत्र अनोपाराम के रूप में हुई। सूचना मिलते ही शेरगढ़ थाना अधिकारी खेताराम सियोल और एएसआई रूगाराम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बोलेरो कैंपर जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
तीनों शव शेरगढ़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंचे। मोर्चरी के बाहर भीड़ जमा हो गई। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।

Comment List